- Hindi News
- National
- Mandsour News Mp News Contractor Angry At The Investigation Of Substandard Construction And Notices Bale Action Not Done Right
घटिया निर्माण की जांच और नाेटिस पर ठेकेदार नाराज नपाध्यक्ष बाेले : काम सही नहीं किया ताे हाेगी कार्रवाई
नपाध्यक्ष ने गुरुवार को नपा इंजीनियरों की बैठक लेकर गारंटी पीरियड वाली सड़कों की जांच करने व ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। सभी ठेकेदारों को भी बुलाया लेकिन वे बिना चर्चा के चले गए। उन्हाेंने हड़ताल की बात भी कही लेकिन सभी इससे इनकार कर रहे हैं। नपाध्यक्ष ने कहा कि इस तरह की हरकतों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कुछ भी कर लें, काम सही नहीं होगा तो कार्रवाई जरूर होगी।
नपाध्यक्ष राम कोटवानी ने गुरुवार दोपहर नपा इंजीनियरों की निर्माण कार्य को लेकर बैठक बुलाई। इसमें सभी अधिकारियों को निर्माण की जांच कराने व घटिया निर्माण पर ठेकेदारों को नोटिस जारी कर वापस काम कराने के निर्देश दिए। इस पर चर्चा के लिए सभी ठेकेदारों को भी बुलाया। ठेकेदारों का कहना है कि नपाध्यक्ष ने 3 बजे बुलाया लेकिन 4 बजे तक चर्चा के लिए नहीं आए इसलिए सभी चले गए। मामला गरमाने के बाद ठेकेदारों ने काम बंद करने का भी निर्णय लिया लेकिन भुगतान रुकने के डर से कोई भी खुलकर सामने नहीं आ रहा है। ठेकेदार यूनियन अध्यक्ष आशीष गुप्ता ने शाम को मोबाइल भी बंद कर लिया। ठेकेदार मोइनुद्दीन ने कहा कि राॅयल्टी के समय में बात करने आए थे, सीएमओ नहीं थे तो बात नहीं हो पाई। वापस आ गए।
दबाने का प्रयास करेंगे तो सहन नहीं किया जाएगा : नपाध्यक्ष का कहना हमने 4 बजे का समय दिया था। कार्रवाई की बात पर सभी चले गए। ठेकेदार इस तरह दबाने का प्रयास करेंगे तो सहन नहीं किया जाएगा। जो भी निर्माण गुणवत्ताहीन हुए उनकी जांच व कार्रवाई भी होगी।
इधर, रोड का काम शुरू, खुदाई में तोड़ी सीवरेज व पाइप लाइन
मंदसौर | किटियानी के इंदौरा भवन वाली गली में रहवासी करीब तीन साल से सीसी रोड की मांग कर रहे हैं। नपा ने 24 लाख में ठेका देकर काम शुरू कराया। ठेकेदार ने खुदाई शुरू की तो रहवासियों की पेयजल व सीवरेज लाइन फूट गई। इसकी शिकायत रहवासियों ने नपा में की। जिम्मेदार जल्द ठेकेदार से सुधार कराने की बात कह रहे हैं।
शहर के किटियानी क्षेत्र में इंदाैरा भवन वाली गली में ऊंचाई से तीन तरफ से पानी आता है। इस रोड पर करीब 30 फीट के हिस्से में पानी जमा होने से बार-बार डामर उखड़ा है। रहवासी 3 साल से सीसी रोड की मांग कर रहे हैं लेकिन दो साल पहले नपा इंजीनियरों ने वापस डामर का प्रस्ताव तैयार कर ठेकेदार मोइनुद्दीन को काम दे दिया। ठेकेदार जब साइड देखने पहुंचा तो उसने भी डामर करने से इनकार कर दिया। मामला नपा में
उलझा रहा। आखिरकार नपा ने सीसी रोड के लिए 24 लाख में ठेका प्रभुलाल माली को दिया। ठेकेदार ने सीसी बनाने के लिए गुरुवार को खुदाई शुरू की। जेसीबी से खुदाई के कारण यहां सीवरेज लाइन व पेयजल लाइन टूट गई। इससे लोगों ने आक्रोश जताया। नपाध्यक्ष राम कोटवानी ने शाम को मौके का निरीक्षण कर जल्द सुधार के निर्देश दिए।
बलवंतसिंह पंवार, प्रवीण व्यास ने बताया कि गली में 20 से ज्यादा परिवार हैं। नपा अतिक्रमण के नाम पर जेसीबी चला रही, जिससे पाइप लाइन टूट रही है। पिछली बार भी तोड़ गए तो एक माह में सही हुई। काम कराएं, कोई समस्या नहीं लेकिन पाइप लाइन ना तोड़ें, उसे तुरंत सही कराएं। हमारे यहां पेयजल की अन्य व्यवस्था नहीं है।
ठेकेदार ने सीसी रोड के लिए शुरू की खुदाई, इससे टूटी सीवरेज लाइन।
कर्मचारियों काे निलंबित करने की चेतावनी
नपाध्यक्ष ने धुलेंडी पर पूरे शहर में पेयजल सप्लाई के निर्देश दिए थे। रामघाट के पास पाइप लाइन का क्लिप खुलने से कुछ क्षेत्रों में सप्लाई नहीं हो पाई। इस पर नपाध्यक्ष ने कहा कि पंचमी पर इस तरह की हरकत नहीं होना चाहिए। पंचमी पर जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी उसे तत्काल निलंबित कर दिया जाएगा।