बाइक-ऑटो में भिंड़त, 3 जख्मी, 1 गंभीर
होली के लिए सामान खरीदने बानमोर से मुरैना आ रहे थे घायल
होली त्योहार के लिए बाजार से सामान खरीदने बानमोर से मुरैना आ रहे तीन बाइक सवार लोगों को आगरा-मुंबई हाईवे पर ऑटो ने टक्कर मार दी। इस एक्सीडेंट में तीनों लोग बुरी तरह से घायल हो गए। एक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल से ग्वालियर रैफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार बानमोर निवासी कोक सिंह, पुत्र घमंडी जाटव, तानसिंह पुत्र सियाराम जाटव, जगदीश पुत्र रामस्वरूप निवासीगण बानमोर सोमवार की दोपहर 1 बजे एक ही बाइक से सामान खरीदने के लिए मुरैना आ रहे थे। आगरा-मुंबई हाईवे (ग्वालियर रोड) पर सेंट मेरी स्कूल के सामने तेज रफ्तार बाइक के सामने से एक ऑटो ड्राइवर ने अपने वाहन को अचानक मोड़ दिया। तेज रफ्तार बाइक ऑटो से जा भिड़ी। इस हादसे में कोक सिंह, तानसिंह व जगदीश बुरी तरह से जख्मी हो गए। तीनों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया।
यहां डॉक्टरों ने गंभीर हालत में घायल तानसिंह को ग्वालियर रैफर कर दिया है। इस हादसे में कोकसिंह व जगदीश के भी सिर, हाथ-पैरों में गंभीर चोट आई हैं। सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी ऑटो चालक की तलाश शुरू कर दी है।