गधे ने 12 लोगों को काट कर किया घायल
जौरा| नगर की सड़कों से गुजर रहे 12 लोगों को आवारा मवेशी गधे ने काटकर घायल कर दिया। पीड़ित लोग इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे तो वहां रेबीज और टिटनेस के इंजेक्शन भी मरीजों को नहीं मिल सके। मजबूरन घायल लोगों के परिजन बाजार से रेबीज एवं आवश्यक दवाएं खरीद कर उपचार कराने को मजबूर हुए। नगर में विचरण कर रहे एक आवारा गधे ने गल्ला मंडी, तिकोनिया पार्क, पचवीघा रोड, पुराने थाने के पास, गायत्री मंदिर रोड से पैदल व बाइक से गुजर रहे लोगों को हाथ व पैरों में काटकर घायल कर दिया। घायलों में विनोद कुमार सिंघल, भगवान लाल, गीता शर्मा, फरमान खान, साजिद, विजय सिंह, राधिका आदि शामिल हैं। ड्यूटी डॉक्टर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जौरा डाॅ. मनाेज त्यागी ने बताया कि गधे के काटे जाने के बाद 12 लोग अस्पताल में इलाज के लिए आए थे, लेकिन अस्पताल में रेबीज एवं टिटनेस के इंजेक्शन मौजूद नहीं थे।