बस स्टैंड पर कोई सुविधा नहीं चारों तरफ फैल रही गंदगी
यात्री प्रतीक्षालय में अतिक्रमण, पानी भी पैसे देकर खरीद रहे लोग
बीते दो साल में नगर निगम ने यात्री सुविधा के नाम पर बस स्टेंड परिसर में कोई कार्य नहीं किया। यहां यात्रियों के बैठने के लिए बनाए यात्री प्रतिक्षालय अतिक्रमण की चपेट में है। बस स्टेंड परिसर में सब्जी मंडी का संचालन होने से आवारा मवेशियों का जमावड़ा लगा रहता है, जो रोजाना यात्रियों को चोटिल कर रहीं हैं। यहां बता दें कि कुछ समय पूर्व विधायक रघुराज कंषाना एवं कलेक्टर प्रियंका दास भी बस स्टेंड परिसर को स्वच्छ रखने के लिए निगम आयुक्त व स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दे चुके हैं। बावजूद इसके बस स्टेंड परिसर में गंदगी आलम पसरा हुआ है।
शहर के प्राइवेट व रोडवेज बस स्टेंड से सफर करने वाले यात्रियों को पीने का पानी भी नसीब नहीं होता।
नाले-नालियां चोक, जलभराव होने से यात्री हो रहे परेशान
सफाई के अभाव में रोडवेज व प्राइवेट बस स्टेंड परिसर में बने नाले-नालियां पूरी तरह चोक हैं। जलनिकास के अभाव में गंदा पानी बस स्टेंड परिसर में भर रहा है। उधर बारिश के पानी ने जलभराव की स्थिति को और भी गंभीर बना दिया है। बस स्टेंड परिसर में पानी जमा होने से यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। इस संबंध में नगर निगम स्वास्थ्य अिधकारी केके शर्मा ने बताया कि बस स्टेंड परिसर में निरंतर सफाई व्यवस्था की जा रही है। बावजूद इसके वहां गंदगी पसरी है तो मैं अभी पहुंचकर हालात देखकर व्यवस्थाएं सुधरवा दूंगा।