- Hindi News
- National
- Morena News Mp News The Forgotten Municipal Corporation Officer Did Not Reach To Break The Encroachment By Putting A Red Mark
लाल निशान लगाकर भूले नगर निगम अफसर अतिक्रमण तोड़ने नहीं पहुंचा मदाखलत दस्ता
जिस स्थान पर अतिक्रमण तोड़ा जाना है, वहां धार्मिक स्थल बने कार्रवाई में बाधक
रेलवे बाउंड्री से सटी शिकारपुर रोड पर अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने से सड़क निर्माण नहीं हो पा रहा है। जबकि इस मार्ग से 50 से अधिक गांव का आवागमन जुड़ा हुआ है। वहीं नेशनल हाईवे पहुंचने का प्रमुख मार्ग है। इस मार्ग का निर्माण नहीं होने के पीछे वजह यह है कि नगर निगम के अफसर इस क्षेत्र में हुए अतिक्रमण को नहीं हटा रही है। जबकि दो माह पूर्व अतिक्रमणकारियों के मकानों पर लाल निशान लगाए जा चुके हैं।
यहां बता दें कि नगर निगम का अमला दो माह पूर्व शिकारपुर रोड पर हुए अतिक्रमण को न केवल चिह्नित करने गया था, बल्कि अतिक्रमणकारियों के मकानों पर लाल निशान भी लगाए गए। सर्वे के दौरान पाया गया कि सड़क किनारे बसे लोगों ने सरकारी जमीन पर 5 से 10 फीट तक अतिक्रमण कर रखा है। हालांकि स्थानीय लोगों का यह भी दावा है कि जिस जमीन पर उनके मकान बने है उसकी रजिस्ट्री भी उनके पास उपलब्ध है। लेकिन नगर निगम के राजस्व रिकाॅर्ड के मुताबिक कुछ लोगों ने सरकारी जमीन पर मकान बना लिए हैं।
वहीं शिकारपुर रोड स्थित हीरामन मंदिर का अधिकांश हिस्सा भी सरकारी जमीन में बना हुआ है। मंदिर का जितना हिस्सा सरकारी जमीन में निर्मित है वहां नगर का मदाखलत दस्ता लाल निशान भी लगा चुका है, लेकिन इस मंदिर के प्रति लोगों की आस्था को ध्यान में रखते हुए नगर निगम का मदाखलत दस्ता अतिक्रमण नहीं हटा पा रहा है। वहीं शिकारपुर रोड पर दो माह पहले अतिक्रमणकारियों के मकान पर लाल निशान लगाए गए थे, लेकिन धार्मिक स्थल होने के कारण कार्रवाई में व्यवधान उत्पन्न हुआ। क्योंकि मंदिर से जुड़े लोग जमीन मांग रहे थे। जबकि राजस्व विभाग के स्तर पर ही जमीन उपलब्ध कराई जा सकती है। नगर निगम का मदाखलत दस्ता एक-दो दिन में शिकारपुर रोड पर अतिक्रमण हटाने का काम करेगा।
शिकारपुर रोड मकानों पर लगाए गए निशान दिखाता युवक।