- Hindi News
- National
- Morena News Mp News Wood Being Illegally Transported From Tractor Trolleys By Cutting Green Trees From The Forests
जंगलों से हरे पेड़ काटकर अवैध तरीके से ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से ढोई जा रही लकड़ी
अंबाह में आरा मशीनों पर काटी जा रही लकड़ी, जिम्मेदार नहीं दे रहे ध्यान
सरकार द्वारा भले ही एक तरफ हरे भरे पेड़ों की कटाई को रोकने के लिए फरमान जारी कर दिया गया हो, लेकिन अंबाह क्षेत्र में लगी आरा मशीनों पर खुलेआम हरी लकड़ी काे काटा जा रहा है। शासन द्वारा वन क्षेत्र बढ़ाने के नाम पर वृक्षारोपण सहित कई और अन्य योजनाएं संचालित की जा रही है, किंतु इनका कोई भी सार्थक परिणाम सामने नहीं आ रहा है। जबकि विभिन्न योजनाओं के नाम पर सरकार जमकर धनराशि खर्च कर रही है। वहीं दूसरी ओर क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में लगी आरा मशीनों पर प्रशासन की अनदेखी के चलते हरे बड़े पेड़ों की कटाई धड़ल्ले से चल रही है। इसके बाद भी प्रशासनिक अधिकारियों की उदासीनता हरियाली की दुश्मन बनी हुई है। क्षेत्र में लगभग 12 अवैध आरा मशीनों का संचालन हो रहा है, दिन मे पेड़ काटने के बाद लकड़ी को रात के अंधेरे में ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर आरा मशीनों पर आकर बेचा जाता है।
पुलिस, प्रशासन और वन विभाग बने हैं उदासीन
अंबाह और दिमनी क्षेत्र में इन दिनों हरे पेड़ों की कटाई वन माफिया द्वारा की जा रही है लेकिन माफिया पर कार्यवाही को लेकर पुलिस और प्रशासन सहित वन विभाग भी ध्यान नहीं दे रहा है। क्षेत्र में प्रतिदिन सैकंडों की संख्या में क्वारी और चंबल के बीहड़ों से हरे पेड़ों की कटाई की जा रही है। अवैध रूप से पेड़ों की कटाई के बारे में प्रशासन से लेकर वन विभाग तक जानकारी है, इसके बावजूद भी वन माफिया के खिलाफ कार्यवाही नहीं हो पा रही है, जिसके चलते पेड़ काटने वाले लोगों के हौसले बुलंद हैं।
इन आरा मशीन का किया जा रहा है संचालन
नगर में पोरसा चौराहा, पोरसा रोड, मुरैना रोड, उसेथ घाट रोड, पावर हाउस रोड के आसपास आरा मशीन संचालित हो रही हैं। आरा मशीनों पर जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा कभी भी छापामार कार्यवाही नहीं की गई है। यह है कि ग्रामीण अंचलों से खुलेआम लकड़ियों से भरे ट्रैक्टर, मैजिक, लोडिंग एवं अन्य वाहनों पर अंबाह और दूर-दूर तक हरे पेड़ काटकर भेजे जा रहे हैं। ग्रामीणों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि अधिकारियों के संरक्षण में ही अवैध लकड़ी काटी जा रही है और तो और पोरसा चौराहा और जग्गा चौराहा की पुलिस चौकी के सामने से हरे पेड़ों की लकड़ी लेकर ट्रैक्टर गुजर रहे हैं, इसके बाद भी कोई कार्यवाही नहीं हो रही है।
नायब तहसीलदार को कार्रवाई के लिए भेजेंगे
विनोद सिंह, अनुविभागीय अधिकारी अंबाह
ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से ले लाई जा रही हरी लकड़ी।