- Hindi News
- National
- Nagda News Mp News Birlagram39s Power Is Repeatedly Receding Due To The Sitting Of Birds In The Contact Area Of 132 Kv Mehtawas Grid
132 केवी मेहतवास ग्रिड के कांटेक्ट एरिया में पक्षियों के बैठने से बार-बार गुल हो रही बिरलाग्राम की बिजली
बिरलाग्राम के पांच हजार बिजली उपभोक्ताओं को दो माह से प्रतिदिन 10 से 15 मिनट की बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है। कई बार यह कटाैती लंबी भी हाे जाती है। यह कटाैती जनवरी माह से प्रतिदिन सुबह 10 से दोपहर 2 बजे के बीच हाे रही है।
जेई एसके उपाध्याय का तर्क है कि ग्रिड के कांटेक्ट एरिया पर पक्षियों के बैठने, पेड़ों की शाखा गिरने से बिजली ट्रिप होती है। वहीं रहवासियों का कहना है कि जनवरी माह से दिन में चार से पांच बार 10 से 15 मिनट के लिए लाइट गुल होती है। बिजली विभाग के कर्मचारियों सहित आमजन में चर्चा है कि डीई नेहा शुक्ला के स्थानांतरण के बाद से बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई।
लाइट गुल होने से प्रभावित होती है पेयजल व्यवस्था : सुबह 10 से 11 बजे के बीच मेहतवास ग्रिड से सप्लाय बंद किए जाने से नपा की जलप्रदाय व्यवस्था प्रभावित होती है। नायन डेम स्थित नपा फिल्टर प्लांट से जलप्रदाय किया जाता है, जाे मेहतवास ग्रिड से जुड़ा हुआ है। बिजली बंद होने से प्लांट से प्रदाय बंद कर दिया जाता है। कई बार बिरलाग्राम क्षेत्र की मलिन बस्तियों में पानी सप्लाय नहीं होता।
मेहतवास ग्रिड से इन क्षेत्रों में होती है बिजली सप्लाय
मेहतवास ग्रिड से बिरलाग्राम के गवर्नमेंट कॉलोनी, अशोक कॉलोनी, मेहतवास, वर्धमान नगर, दुर्गापुरा, तहसील कार्यालय, बीमा अस्पताल कॉलोनी, नपा फिल्टर प्लांट, बीसीआई कॉलोनी, रतलाम फाटक, पुलिस कॉलोनी, बाबा रामदेव की बस्ती, बिड़लाग्राम श्रमिक बस्ती, सी-ब्लॉक, आजादपुरा, शिवपुरा, चंबल मार्ग के कुछ क्षेत्र, रेलवे स्टेशन, रेलवे कॉलोनी के 5 हजार उपभोक्ताओं को बिजली सप्लाय की जाती है।
3 माह में 5 बार मेंटेनेंस
कंपनी के अनुसार मेहतवास ग्रिड का जनवरी से अब तक 5 बार मेंटेनेंस किया गया। इसमें लगभग दाे से तीन घंटे तक बिजली सप्लाय बंद भी रखी गई। उसके बाद भी मेहतवास ग्रिड में फाल्ट की समस्या से निजात नहीं मिला है। ऐसे में मेंटेनेंस करना या न करना बराबर हाे जाता है।
कुछ देर लाइन बंद होने के बाद चालू हो जाती है
मेहतवास ग्रिड पर मेंटेनेंस समय-समय पर हाेता रहता है। आए दिन बिजली गुल होने की परेशानी नहीं आती। एक सप्ताह पूर्व नायन डेम के समीप नई हाइटेंशन लाइन का कनेक्शन किया गया था। इससे कुछ घंटे बिजली सप्लाय बंद था। वहीं बिरलाग्राम में हर रोज बिजली गुल होने की बात तो वह ग्रिड के कांटेक्ट एरिया में पेड़ों की शाखा, पक्षी के बैठने से कुछ देर के लिए लाइन बंद होकर स्वत: ही शुरू हो जाती है।
- एस.के. उपाध्याय, जेई, बिजली कंपनी
मेहतवास स्थित 33 केवी विद्युत ग्रिड के एरिया में पक्षियों से बार-बार ट्रिप होने से बिजली बंद होती है।