- Hindi News
- National
- Nagda News Mp News More Than 150 Plants Of American Roses Planted In A Possible Garden Are Breaking Down
संभव गार्डन में लगने वाले अमेरिकन गुलाब के 150 से ज्यादा पौधे तोड़ रहे हैं दम
महिदपुर मार्ग पर चार बीघा के ट्रेचिंग ग्राउंड में जमा कचरे के पहाड़ को खूबसूरत गार्डन में तब्दील करने वाली नपा इसकी देखरेख में कोताही बरत रही है। ट्रेचिंग को संभव गार्डन का रूप देने वाली नपा इसी के बूते स्कॉच अवार्ड हासिल कर चुकी है।
नपा की इस कोशिश को मॉडल का रूप देकर देश के अन्य शहरों ने भी इस प्रयोग को अपनाया था। बावजूद इस बड़ी उपलब्धि को सहजने के बजाए इसकी देखभाल नहीं करने से तीन रंगों वाले अमेरिकन गुलाब के 150 पौधे दम तोड़ने लगे हैं। एक माह की समयावधि में तैयार होने वाले पौधों की कलम देखभाल ने होने से मुरझाने लगी है। कृषि विभाग वरिष्ठ अधिकारी केएस मालवीय के अनुसार फूलों के पौधों को तैयार करने में सप्ताह में तीन बार सिंचाई, जंगली घास से सुरक्षा का ध्यान दिया जाना आवश्यक है।
गार्डन को मिला है अवार्ड
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में नगर पालिका द्वारा किए कामों को प्रदेश की कांग्रेस सरकार सराह चुकी है। मप्र पर्यावरण विभाग ने नगर पालिका नागदा को 24 सितंबर 2019 को भोपाल में लोनिवि व पर्यावरण मंत्री सज्जनसिंह वर्मा, तत्कालीन नपाध्यक्ष अशोक मालवीय को पुरस्कृत कर चुके हैं। नपा को राष्ट्रीय स्तर पर स्कॉच अवार्ड से भी सम्मानित किया गया जा चुका है।
पर्याप्त देखभाल न होने के कारण बन रही है स्थिति
गार्डन में लगाए 500 पौधे
गार्डन में सफेद, गुलाबी और लाल रंग के गुलाब के 500 पौधे हैं। पौधों की संख्या में बढ़ाने के लिए अतिरिक्त कलम तैयार की जा रही है। गार्डन में नपा द्वारा अपशिष्ट पदार्थों का संग्रहण कर इससे बनी खाद का उपयोग पौधों में किया जा रहा है। खाद बनाने के लिए शहर से निकलने वाले कचरे को विभक्त कर खाद प्रसंस्करण इकाई में डाला जाता है। इसके बाद जैविक तरीके से खाद तैयार की जाती है।
संभवत: यह पहला प्रयोग
इंदौर निवासी सतीश शेखावत ने तत्कालीन नपा अध्यक्ष अशोक मालवीय से संपर्क कर ट्रेंचिंग ग्राउंड को बगीचे के रूप में विकसित करने का सुझाव दिया था। ट्रेचिंग ग्राउंड को गार्डन के रूप में विकसित करने का संभवत: देश का पहला प्रयोग था, जो नगरपालिका द्वारा किया गया है।
कलम नहीं होने देंगे नष्ट
नपा के स्वच्छता प्रभारी ललित पंथी ने बताया गार्डन की खूबसूरती बढ़ाने के लिए 150 बोन साइज के पौधों की कलम तैयार की जा रही है। कलम तैयार होते ही इन्हें गार्डन के चारों ओर लगाया जाएगा। गार्डन में गुलाबी, लाल, पीला, सफेद रंग के अमेरिकन गुलाब के पौधों की कलम तैयार की जा रही है। कलम के आसपास उगी गाजर घास हटाकर इनकी देखभाल करेंगे, कलम नष्ट नहीं होने देंगे।
देखरेख नहीं, आसपास हो गई गाजर घास।
पूर्व में लगाई अमेरिकन गुलाब की कलम।