- Hindi News
- National
- Nagda News Mp News Stopping Motor Every Eight Days Causes Watercourses To Deepen
हर आठ दिन में मोटर बंद होने से गहरा जाता है जलसंकट
आठ दिन से मोटरपंप बंद- बेटे देव के साथ हैंडपंप पर पानी भरने पहुंची रानूबाई ने बताया सुबह 8 बजे से पानी भरने का क्रम चालू हो जाता है। पति काम पर चले जाते हैं तो पीने का पानी और अन्य दैनिक कार्यों के लिए पानी जुटाना पड़ता है। आठ दिनों से मोटर खराब थी। पानी जुटाने के चक्कर में गांव की महिलाएं दोपहर 1 बजे बाद ही रसोई बना पाती है।
1200 की आबादी वाले ग्राम अमलावदिया के नयापुरा में रहने वाली परिवार की महिलाओं को चौका चूल्हा में जुटने के बजाए एक-एक बाल्टी पानी के लिए मशक्कत करना पड़ रही है। हालात यह है कि सुबह से दोपहर तक पानी की व्यवस्था के बाद ही महिलाएं परिवार के लिए भोजन बना पा रही है।
परेशानी की वजह बाेरिंग का मोटरपंप आए दिन खराब होना है। इस बोरिंग से ही 3 हजार लीटर की पानी की टंकी भरी जाती है। इससे ग्रामीण पानी भरते हैं। ऐसे में मोटर दुरुस्त होकर आने में सप्ताहभर का समय गुजर जाता है। अन्यत्र स्थान से पानी जुटाने में महिलाओं का काफी समय बर्बाद हो रहा है। गांव के मौजूदा पांच हैंडपंप में से दो ही पानी उगल रहे हैं। शेष दो साल से खराब है। 3 हजार लीटर क्षमता वाली पानी की टंकी पर पूरा गांव निर्भर है। दिन में दो बार टंकी को भरने के कारण मोटर हर आठ दिन में खराब हो रही है।
बेटे देव के साथ पानी लेकर घर जा रही रानू बाई।
इसलिए खाली बर्तन साइकिल पर तैयार
कविता भाटी बताती हैं कि घर पर आए दिन मेहमान आते हैं। आठ दिनों से मोटर खराब थी। हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी से पानी जुटाना पड़ा। गांव वाले घर के बाहर खाली बर्तन रखते हैं। परिवार के जिस भी सदस्य को समय मिलता है, वह पानी भरने चला जाता है। कई लोग तो दिनभर साइकिल पर खाली बर्तन रखते हैं।
सरपंच से कई बार कहा लेकिन कोई हल नहीं
प्रकाश पिता रतनलाल ने कहा गांव में पांच हैंडपंप है। तीन खराब हो चुके। गर्मी के दिनों में खेतों पर जाकर कुओं से पानी लाना पड़ता है। सुबह काम पर जाने से पहले पानी भरना पड़ता है। कई बार बहू-बेटियां पानी भरने पहुंचती हैं तो हमें इंतजार करना पड़ता है। सरपंच प्रहलादसिंह को कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई निराकरण नहीं निकल सका। वहीं सरपंच प्रहलाद आंजना दावा करते हैं कि नयापुरा में पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था है। मुख्य स्त्रोत पानी की टंकी है। टंकी की मोटर खराब हो गई थी। जिसे दुरुस्त करवा दिया गया है।