- Hindi News
- National
- Neemuch News Mp News 172 Lakhs Gave Fake Receipt Team Reached To Cut Connection
1.72 लाख रु. लेकर फर्जी रसीद दे दी, कनेक्शन काटने पहुंची टीम
बिजली कंपनी ने वित्तीय वर्ष समाप्त हाेने से पहले बकायादारों पर सख्ती करते हुए वसूली तेज कर दी है। कनेक्शन काटने, संपत्ति कुर्की के नोटिस दिए जा रहे हैं। इस दौरान कियोस्क के माध्यम से उपभोक्ता द्वारा 1.72 लाख रुपए का बिल ऑनलाइन जमा किए। संचालक ने जाे जमा रसीद दी वह फर्जी निकली। इस मामला तब उजागर हुआ जब बिजली कंपनी के कर्मचारी उपभोक्ता के यहां कनेक्शन काटने पहुंचे।
शहर क्षेत्र के कार्यपालन यंत्री वीके वर्मा ने बताया विभाग की टीम महू रोड स्थित डॉ. रमेश दक के दक प्लाजा कॉॅम्प्लेक्स का 1.72 लाख रुपए का बिल बकाया हाेने पर कनेक्शन काटने पहुंची। दक ने टीम से कहा कि ऑनलाइन जमा कर दिया। 17 फरवरी को कियोस्क सेंटर से जमा राशि की रसीद बताई। अधिकारियों ने मिलान किया तो राशि कंपनी के खाते में नहीं पहुंची। जांच टीम ने रसीद फर्जी बताते हुए कनेक्शन काट दिया। वर्मा ने कहा कि फर्जी रसीद के संबंध में कनेक्शनधारी का आपसी लेनदेन है वहीं उन पर कार्रवाई कर सकता है।
शहरी क्षेत्र में लगभग 31 हजार घरेलू उपभोक्ता है। कंपनी को वरिष्ठ कार्यालय से 31 मार्च तक बकायादारों से सख्ती से वसूली के निर्देश दिए। अधीक्षण यंत्री आरके नायर द्वारा सभी डिवीजन के कार्यपालन यंत्री के साथ अलग-अलग टीम गठित की। कंपनी ने शहरी क्षेत्र में 477 उपभोक्ताओं पर 61.21 लाख रुपए बकाया होने पर उन्हें संपत्ति कुर्की का नोटिस जारी किया। 145 सरकारी कनेक्शनों से 95.53 लाख रुपए बकाया है। टीम इन्हें कनेक्शन काटने का चेतावनी पत्र दे रही है।
चेक लेकर पहुंचा सेंटर संचालक-इस फर्जी वाडे का खुलासा होने के बाद कार्रवाई के डर से कृष्णा डेयरी के पास स्थित एमपी ऑनलाइन कियोस्क सेंटर संचालक इलहाम मंसूरी घबरा गया। वह गुरुवार को बिजली कंपनी के कार्यालय में राशि जमा करने के लिए चेक लेकर पहुंचा। लेकिन कनेक्शन धारी डॉ. दक के नहीं होने से चेक लेने से मना कर दिया।
एमपी ऑनलाइन सेंटर का फर्जीवाड़ा
अभी बाहर हूं, आकर कार्रवाई करूंगा
कनेक्शनधारी डॉ. दक ने बताया कॉॅम्प्लेक्स की बिजली बकाया होने पर कनेक्शन काटने और एमपी ऑनलाइन से जमा करने की रसीद फर्जी होने की जानकारी मिली है। अभी नीमच से बाहर हूं। 1-2 दिन में आकर पूरी स्थिति को समझूंगा। अगर उसमें जानबूझकर गड़बड़ी सामने आई तो सेंटर संचालक के खिलाफ थाने में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराएंगे।