- Hindi News
- National
- Neemuch News Mp News Sagar Sent To Collector Gangwar After Complaint To Center And State He Got The Status Of Commissioner 2 Months Ago Jitendra Singh Raje Will Come
केंद्र और राज्य तक शिकायत के बाद कलेक्टर गंगवार को भेजा सागर, कमिश्नर का दर्जा उन्हें 2 माह पहले मिल चुका था, जितेंद्रसिंह राजे आएंगे
फेसबुक पोस्ट और बाढ़ राहत राशि से जुड़ी शिकायतों के बीच बुधवार को सामान्य प्रशासन विभाग मंत्रालय ने आदेश जारी कर कलेक्टर अजय गंगवार की नीमच से विदाई कर दी। गंगवार को 2 माह पहले ही कमिश्नर का दर्जा मिल चुका था। जिले में 9 माह का कार्यकाल रहा। विभागीय आदेश में उन्हें सागर संभाग भेजा। जिले के तीनों विधायक उपेक्षा को लेकर उनसे नाराज थे और विधानसभा सत्र में कई मुद्दे उठाने की तैयारी हो चुकी थी। मंत्रालय ने 2007 की बैच के आईएएस जितेंद्रसिंह राजे नीमच कलेक्टर बनाया है। वे 2 दिन में ज्वाइन करेंगे।
जून 2019 के पहले सप्ताह में नीमच आमद देने वाले गंगवार ने फरवरी 2020 तक तो खुद को विवादों से दूर रखा। लेकिन मार्च की शुरुआत के साथ ही मुश्किलें बढ़ने लगी और नए खुलासे होने लगे थे। जमुनियाकलां निवासी नीलेश पाराशर ने धार्मिक-सामाजिक मुद्दों पर गंगवार द्वारा की फेसबुक पोस्ट पर आपत्ति लेकर केंद्र सरकार के अंडर सेक्रेटरी केसी राजू ने मप्र के चीफ सेक्रेटरी को शिकायत के रजिस्ट्रेशन नंबर के साथ लेटर भेज मिसकंडक्ट मामले में जवाब मांगा था। इसी तरह दूसरा चर्चित मामले में नायब तहसीलदार अरुण चंद्रवंशी ने कई संगीन आरोप लगाए और राष्ट्रपति, पीएम, सीएम, गृह मंत्रालय, वित्त मंत्रालय को पत्र भेजकर जांच की मांग की और जिले से बाहर करना भी जरूरी बताया था। इस पर कलेक्टर ने चंद्रवंशी को नोटिस दिया था। विधायक दिलीपसिंह परिहार, माधव मारू ने भी कलेक्टर के खिलाफ मोर्चा खोलकर विधानसभा में मुद्दा उठाने का मन बना लिया था।
2007 बैच के आईएएस हैं जितेंद्रसिंह
सिक्कीम क्षेत्र से जुड़े जितेंद्रसिंह राजे 2007 की बैच के आईएएस हैं। अब तक पर्यावरण नियोजन एवं समन्वय संगठन (एप्को) के कार्यपालक संचालक, योजना-आर्थिक व सांख्यिकी विभाग के उपसचिव जैसी जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
गंगवार 2016 में नेहरू पर पोस्ट कर चुके
कलेक्टर गंगवार के विवादित होने का ये पहला मामला नहीं है। वे बड़वानी में कलेक्टर थे तब पं. जवाहरलाल नेहरू पर फेसबुक पर पाेस्ट डालने से बवाल मचा था। उन्हें 26 मई 2016 को मंत्रालय भोपाल भेजा गया। इसके बाद वे माशिमं में सचिव रहे। जहां से नीमच आए थे।