- Hindi News
- National
- Mandsore News Mp News To Get Ahead In Life Adopt The Mantra Of No Negative By Positive Sant Lalitrabha
जीवन में आगे बढ़ने के लिए नो निगेटिव बी पॉजीटिव का मंत्र अपनाएं : संत ललितप्रभ
हमें सदा सकारात्मक सोच का मालिक होना चाहिए। जो लोग सकारात्मकता के साथ जीवन जीते हैं वे धरती पर ही स्वर्ग का एहसास करते हैं। सकारात्मक का स स्वर्ग का परिचायक है वहीं नकारात्मकता का न नरक से जुड़ जाता है। जो लोग बी पॉजीटिव के सिद्धांत को जीवन में जीते हैं वे कभी हताश, निराश और कमजोर नहीं होते। वे हर हाल में जीत का सपना देखते हैं। जिंदगी में नकारात्मक सोच वाला ठान लेता है कि मैं कुछ नहीं कर सकता, वहीं सकारात्मक सोच वाला ठान लेता है कि मैं जीवन में सबकुछ कर सकता हूं। यह बात राष्ट्रसंत ललितप्रभ महाराज ने कही।
संतप्रवर रविवार को महावीर इंटरनेशनल द्वारा पुराना गाड़ी अड्डा पर आयोजित प्रवचन एवं सत्संग के दौरान जीवन जीने की कला विषय पर सैकड़ों श्रद्धालुओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के तीन बंदर बुरा मत बोलो, बुरा मत देखो, बुरा मत सुनो.. इसके साथ हमें एक बंदर को और जोड़ना पड़ेगा जिसकी अंगुली हमारे दिमाग की ओर हो और जो हमें जीवन की प्रेरणा दे रहा हो कि बुरा मत सोचो। सोच हमारे जीवन का मूल आधार होती है। अच्छी सोच हमारे रिश्ते को अच्छा बनाती है, हमारे स्वास्थ्य को अच्छा बनाती है साथ ही हमारे कॅरियर और भविष्य को भी स्वर्णिम बना देती है।
‘मिजाज को हमेशा ठंडा रखना चाहिए’-उन्होंने कहा कि जीवन को मधुर बनाने के लिए हमें अपने मिजाज को हमेशा ठंडा रखना चाहिए। जो व्यक्ति गलती होने पर झुक जाता है और गुस्सा आने पर रुक जाता है वह जीवन की 100 दुविधाओं से बचा रहता है। संत प्रवर ने कहा कि हमें जीवन को क्रोध से नहीं बोध से जीना चाहिए। क्रोध में व्यक्ति अपना और दूसरों का नुकसान करता है वहीं बोधपूर्वक जीने वाला व्यक्ति, प्रेम और मिठास से जीने वाला व्यक्ति सबकी जिंदगी में अमृत घोल देता है।
आज मंदसाैर में होंगे प्रवचन- इससे पूर्व संत ललित प्रभ और मुनि शांतिप्रिय सागर महाराज के नगर पहुंचने पर श्रद्धालुओं द्वारा स्वागत किया गया। बसंत कुमार, कमलेश कुमार, बंटू भूत परिवार द्वारा सभी श्रद्धालुओं को साहित्य की प्रभावना समर्पित की गई। भूत परिवार का अभिनंदन संघ के अशोक कुमठ ने किया। राष्ट्रसंतों के होली पर्व पर सोमवार को रात्रि 8 बजे मंदसौर के स्टेशन रोड पर स्थित शुभम गार्डन में विशेष सत्संग और प्रवचन का आयोजन होगा, जिसमें पिपलियामंडी के अनेक श्रद्धालु भाग लेंगे।