पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Mandsore News Mp News Underbridge Again Stuck In 6 Meters Of Private Land

6 मीटर निजी जमीन के चक्कर में फिर अटका अंडरब्रिज

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

10 साल बाद मिड इंडिया अंडरब्रिज का काम शुरू हुआ और 20 दिन भी नहीं चल पाया। रेलवे स्टेशन की तरफ ब्लॉक बनाकर उन्हें धकाने के लिए 6 मीटर निजी जमीन की जरूरत है पर जमीन मालिक अनुमति नहीं दे रहे हैं। मामले में ठेकेदार ने कलेक्टर, सांसद, तहसीलदार को भी जानकारी दी लेकिन कोई समाधान कराने में रुचि नहीं ले रहा है। वहीं रेलवे भी सिग्नल व केबल शिफ्टिंग नहीं कर रहा है। इससे ठेकेदार ने काम बंद कर दिया है। अभी काम नहीं हुआ तो निर्माण में पांच से सात माह की देरी हो सकती है।

मंदसौर रेलवे स्टेशन के पास अंडरब्रिज निर्माण के लिए करीब 10 साल पहले कवायद शुरू हुई थी। सालों बाद प्रशासन व रेलवे के बीच सहमति बनी अाैर 22 फरवरी से मिड इंडिया अंडरब्रिज का काम शुरू हुआ। रेलवे अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान नौ माह में इसे पूरा करने का वादा किया लेकिन 6 मीटर निजी जमीन के चक्कर में कार्य बंद हो गया है। ठेकेदार को अंडरब्रिज के ब्लॉक तैयार करने व उसके बाद उसे धक्का देकर रेलवे लाइन के नीचे पहुंचाने के लिए रेलवे स्टेशन की तरफ दालमिल वाले गेट के अंदर करीब 6 मीटर जगह की जरूरत है। यह जमीन कोमल बाफना की है। मामले में ठेकेदार ने जमीन मालिक से संपर्क किया लेकिन वे नहीं मिले। इसके बाद ठेकेदार सांसद सुधीर गुप्ता, कलेक्टर मनोज पुष्प व तहसीलदार नारायण नांदेड़ा से भी मुलाकात कर समस्या समाधान की मांग कर चुका है। जिम्मेदारों ने अब तक रुचि नहीं दिखाई। इसके चलते ठेकेदार ने काम बंद कर दिया।

हमें कुछ माह के लिए ही जमीन चाहिए


ठेकेदार के कर्मचारी इसरार खान ने बताया कि ब्लॉक बनाने के लिए जमीन नहीं मिल रही। हमें जमीन हमेशा के लिए नहीं चाहिए, कुछ माह के लिए चाहिए। जैसी जमीन है वैसी ही वापस देंगे। इधर, रेलवे ने अब तक केबल नहीं हटाई, मैं हटाऊं और एक भी केबल टूट जाएगी तो रेलवे मुझ पर केस करेगा। ऐसी स्थिति में काम नहीं कर पा रहा हूं। कुछ माह बाद बारिश शुरू हो जाएगी, तब तक ब्लॉक नहीं बने ताे काम आगे बढ़ाना होगा। इसमें पांच से सात माह अतिरिक्त लग जाएंगे। काम बंद किया है, अधिकारियों को जानकारी दे दी है।


{10 साल बाद शुरू हुआ काम 20 दिन भी नहीं चल पाया {अभी काम नहीं हुआ तो निर्माण में पांच से सात महीने की होगी देरी


मिड इंडिया की तरफ ब्लॉक निर्माण के लिए खोदा गड्‌ढा।


लोगों को होना पड़ सकता है परेशान

ठेकेदार द्वारा काम बंद करने पर अंडरब्रिज निर्माण की समय सीमा 9 माह की जगह 15 या 18 माह भी पहुंच सकती है। ऐसे में अभिनंदननगर क्षेत्र की जनता को अगली बारिश में भी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। संजीत ओवरब्रिज का काम अभी दो साल पूरा होता नहीं दिख रहा है। गीताभवन अंडरब्रिज पर ही पूरा यातायात का दबाव रहेगा।

समस्या का समाधान कराया जाएगा

कलेक्टर मनोज पुष्प ने कहा कि ठेकेदार आया था समस्या लेकर, जल्द ही संबंधित से चर्चा कर उसकी समस्या का समाधान कराया जाएगा। इधर, जमीन मालिक कोमल बाफना ने बताया कि अंडरब्रिज के मामले में अभी कुछ नहीं कहूंगा। अभी मैं बाहर हूं, आने के बाद चर्चा करूंगा।

सीतामऊ फाटक ओवरब्रिज के लिए रेलवे ने पिलर बना लिए हैं। अब एक सप्ताह के भीतर स्लैब के लिए सेंटिंग की जाएगी। 2015 में शुरू हुआ 38 करोड़ रुपए से ‘टी’ आकार ओवरब्रिज पूरा होने के बाद शहर से जुड़े 80 हजार से अधिक लोगों को इसका लाभ मिलेगा। जानकारी के अनुसार जुलाई तक ओवरब्रिज का कार्य पूरा होगा।

इधर...सीतामऊ फाटक ओवरब्रिज के पिलर तैयार, डलेगा स्लैब
खबरें और भी हैं...