- Hindi News
- National
- Bareli News Mp News Did Not Get Hug Avoiding Gulal Holi Played With Flowers Procession Taken Out Due To Fear Of Corona
कोरोना के डर से नहीं मिले गले, गुलाल से परहेज, फूलों से खेली होली, जुलूस निकाला
अभिभावकों ने भी बच्चों को नहीं दिलाई चीनी पिचकारी, गुलाल और पानी से दिनभर की मस्ती
जिलेभर में रंगपंचमी का त्यौहार हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान कहीं फूलों की होली खेली गई तो कहीं गुलाल लगाकर होली की बधाई दी गई । देश में चल रहे कोरोना वायरस के चलते लोगों ने रंगों और चीनी आयटमों से परहेज किया, वहीं गुलाल लगाने और गले मिलने में भी सावधानी बरती। नगर में रंगपंचमी को लेकर शहर के मुख्य मार्गों से लेकर जुलूस निकाला गया जिसमें शामिल लोगों ने आपस में गुलाल लगाकर एक दूसरे को बधाई दी। जुलूस में जहां छोटों ने बड़ों को गुलाल लगाकर आशीर्वाद लिया, वहीं महिलाओं ने भी सूखी होली खेलकर धार्मिक गीत गाए । हिन्दू उत्सव समिति ने नगर में जुलूस निकाला। सदस्यों ने एक टैंकर में रंग डालकर हुरियारों के ऊपर डाला । बैंड और डीजे की धुन पर युवाओं ने हुड़दंग मचाया। इस दौरान अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस और प्रशासन के अफसर भी पूरी तैयारी के साथ मुस्तैद थे । चप्पे चप्पे पर पुलिस तैनात थी ताकि कोई अप्रिय स्थिति न बन सके और तत्काल घटना पर काबू पाया जा सके । हालांकि नगर में शांति पूर्ण तरीके से लोगों ने होली के त्योहार को मनाया ।
त्योहार तो हर्षोल्लास से मनाया लेकिन सावधानी भी बरती : सुल्तानगंज| रंग पंचमी पर जहां नगर सुल्तानगंज के बाजार पर सुनसान रहे। वहीं आसपास के गांवों टेकापार पंडा, रतनहारी, खैरी, जसरथी, खमरिया बख्शी शाहपुर, बोरिया बिछुआ, बीलखेड़ा सहित सभी गावो में युवाओं ने रंगपंचमी का त्यौहार बड़ी धूमधाम से मनाया। लेकिन रंग के इंफेक्शन होने के डर से सावधानी भी बरती और सूखी होली खेलकर रंगों के त्योहारों को बनाया । वहीं जगहों पर युवाओं की टोलियों ने दालबाटी बनाकर खाईं।
फाग गीतों, के साथ होली मिलन समारोह,जमकर उड़ा गुलाल
बाड़ी| शनिवार को रंग पंचमी का पर्व नगर सहित आसपास गली मोहल्लों में बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया गया जिसमें हुरियारों की टोलियां जुलूस की शक्ल में शहर के प्रमुख मार्गों से निकली । वही कुछ जगहों पर फाग गीतों और होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया । जिसका लोगों द्वारा नाच गाकर आनंद लिया गया । नगर में युवाओं एवं सामाजिक संस्थानों द्वारा अलग अलग जुलूस निकाले गए और एक दूसरे पर गुलाल उड़ाकर होली की मस्ती में डूबे हुए नजर आए । पुलिस ने रंग पंचमी पर शांतिपूर्ण तरीके से मने इसलिए हुरियारों और होली मिलन कार्यक्रमों पर नजर रखे हुए थे ।
गुलाल और रंग से बनाई दूरी, 3 क्विंटल फूलों से खेली होली
सिलवानी| द राजेन्द्र गार्डन में होली महोत्सव मनाया गया । जिसमें मौजूद लोगों ने देश भक्ति और धार्मिक गीतों पर थिरकते हुए एक दूसरे पर जमकर फूल बरसाए । कोरोना वायरस के कारण लोगों ने गुलाल और रंग से भी दूरी बनाई करीब 3 क्विंंटल फूलों का इस महोत्सव में उपयोग किया गया जाे देर रात तक चली । भारत माता की आरती के साथ होली महोत्सव का समापन किया गया । हिंदु उत्सव समिति के बैनर तले चल समारोह निकाला गया। श्रीराममंदिर से प्रारंभ होकर चल समारोह बजरंग चज्ञैराहा पहुंच कर समाप्त हो गया। इस दौरान लोगों के द्वारा एक दूसरे को गुलाल लगा कर शुभ कामनाए प्रेषित की।
हिन्दू उत्सव समिति ने नगर में जुलूस निकाला, सुरक्षा को लेकर चप्पे-चप्पे पर तैनात रही पुलिस
जुलूस किया स्थगित बच्चों की टोलियां बनाकर खेली होली
उदयपुरा | कोरोना वायरस के चलते हिंदू उत्सव समिति द्वारा चल समारोह स्थगित कर दिया था इसलिए सार्वजनिक रुप से होली उत्सव कार्यक्रम नहीं हो सका लेकिन वार्ड मोहल्लों में लोगों ने एक दूसरे को गुलाल का टीका लगाकर होली की शुभकामनाएं दी । जबकि बच्चों ने विभिन्न रंग गुलाल से लगातार 5 से 6 घंटे तक होली खेली । बच्चों की टोलियां नगर में इधर- उधर घूम घूम कर एक दूसरे को रंग गुलाल लगाते हुए नजर आए । होली की हुड़दंग बच्चों ने जमकर की । कोरोना वायरस के चलते जहां होली पंचमी पर चल समारोह तो नहीं निकल सका लेकिन लोगों ने दिनभर हुड़दंग की और होली की शुभकामनाएं दीं।
फूलों की पंखुड़ियों में गुलाल मिलाकर एक दूसरे पर बरसाए
देवरी| नगर में व्यापार महासंघ के पदाधिकारियों ने रंगपंचमी के मौके पर भव्य जुलूस निकाला इस दौरान नगर के लोगों ने जुलूस का जगह जगह स्वागत किया और शरबत पिलाया । जुलूस में शामिल लोग फूलों की पंखुड़ियों में गुलाल मिलाकर एक दूसरे पर बरसा रहे थे वहीं धार्मिक गीत और फाग गीतों पर थिरकते हुए निकले । जुलूस सुबह 10 बजे रामजानकी मंदिर परिसर में सभी ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर रंग पंचमी की बधाई दी फिर नगर में मुख्य मार्ग होते हुए जुलूस निकाला । युवा वर्ग के लोगों ने डीजे की धुन पर जमकर डांस किया जुलूस मानक चौक, बाजार मोहल्ला, बाखर चौक, सराफा बाजार, बस स्टैंड होते हुए नर्मदा कॉलोनी पहुंचा जहां पर समापन किया गया । व्यापारी महेंद्र कुमार सोनी ने जुलूस का स्वागत किया दोपहर 1 बजे अध्यक्ष रविशंकर मोदी के निवास पर जुलूस में शामिल लोगों को चाय- नाश्ता करवाया गया।
कोरोना के डर से रंग से बचते रहे लोग, हाथ जोड़कर दी बधाई
बेगमगंज| रंगपंचमी के त्योहारों को लेकर सुबह से ही बाजार बंद रहा और लोगों ने शांति पूर्ण तरीके से होली के त्योहार को मनाया । कोरोना वायरस के डर के कारण नगर में जागरुकता दिखाई दी । कई मोहल्लों में तो लोगों ने दूर से ही बधाई दी और ली । लोगों को डर है कि कहीं खुशी के मौका है ऐसे में यदि रंग गुलाल से वायरस फैल जाता है या इंफेक्शन फैलता है तो परेशानियों का सामना करना पड़ेगा । इसलिए नगर के लोग होली खेलने से बचते नजर आए । वहीं कई युवाओं ने अपने अपने मोहल्लों में गुलाल लगाकर तो कहीं रंग डालकर मनाया।
जुलूस के दौरान व्यापारियों ने फूलों में गुलाल मिलाकर एक-दूसरे पर उड़ाया ।
रंगपंचमी के मौके पर शनिवार को फूलों की होली खेलते हुए नागरिक।