- Hindi News
- National
- Bari News Mp News Dirty Water Of Drains Flowing On Roads Due To Lack Of Cleanliness
साफ-सफाई नहीं होने से सड़कों पर बह रहा नालियों का गंदा पानी
बाड़ी| जनप्रतिनिधियों का कार्यकाल खत्म होते ही नगर की साफ-सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा सी गई है। यही वजह है कि नगर के अधिकतर वार्डों में नियमित रूप से साफ-सफाई नहीं हो रही है। इसके चलते नाले-नालियां चौक हाे रहे हैं जिसके चलते उनका गंदा पानी सड़कों फैल रहा है। जिसके कारण इन सड़कों से आवागमन करने वाले राहगीरों को निकलने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बावजूद इसके नपा प्रशासन के अफसर और सफाई दरोगा इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं जिससे कि नगर में गंदगी फैलने लगी है। एक ओर पूरे देश में कोरोना वायरस को लेकर सतर्कता बरती जा रही है तो वहीं नगर परिषद के सफाई दरोगा और अफसर लापरवाही बरत रहे हैं।
जब से नगर परिषद के अध्यक्ष सहित पार्षदों के हाथों से नगर और वार्डों की बागडोर गई हैं। तब से जगह-जगह साफ-सफाई का अभाव दिखाई देने लगा है। वर्तमान में प्रशासक तहसीलदार और मुख्य नगरपालिका अधिकारी द्वारा नगर परिषद को संभाला जा रहा है, उनको भी लोगों द्वारा इस बात की जानकारी दी जाती है, लेकिन उनके द्वारा कर्मचारियों से कहने के बाद सफाई पूर्ण नहीं हो पा रही है। इसके चलते वार्डों में कचरे के ढेर और नालियों में गंदगी बनी हुई है। नियमित रूप से साफ-सफाई नहीं होने के कारण लोगों में नगर परिषद के प्रति नाराजगी दिखाई दे रही है। इस संबंध में नपा सीएमओ हरिशंकर वर्मा ने बताया कि मैंने अभी चार्ज लिया है और नगर का भ्रमण कर वार्डों की जानकारी ली जाएगी और नियमित रूप से साफ-सफाई करवाई जाएगी ।