- Hindi News
- National
- Raisen News Mp News Holika Dahan To Be Auspicious From 630 Pm To 857 Pm Procession Will Come Out Tomorrow
होलिका दहन आज शाम 6.30 से 8.57 बजे तक करना शुभ, कल निकलेगा जुलूस
शहर में होलिका दहन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बार भद्रा रहित ध्वज और गजकेसरी योग में होलिका दहन होगा। ज्योतिषियों के अनुसार 9 मार्च को पूर्णिमा तिथि पूर्वा फाल्गुनी नक्षत्र में शाम 6.30 से 8.57 बजे तक होलिका का दहन करना शुभ रहेगा।
शहर में 40 से अधिक स्थानों पर होलिका के डांड गाड़े गए हैं। यहां पर पूजा अर्चना के बाद विधि विधान से होलिका का दहन किया जाएगा। हरे पेड़ न काटे जाएं, इसके लिए गोकाष्ठ और कंडों की व्यवस्था कई स्थानों पर की गई है । होलिका दहन गोधूलि बेला में इस बार सूर्यास्त शाम 6.22 बजे से 8.57 बजे तक श्रेष्ठ मुहूर्त है। इसी समय चर की चौघड़िया का समवेश भी रहेगा, जो अति उत्तम है।
घर में सुख-शांति, समृद्धि, संतान प्राप्ति आदि के लिए महिलाएं इस दिन होली की पूजा करती हैं। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस द्वारा भी व्यवस्थाएं जुटाई गई है । रात 10 बजे तक शहर में सभी स्थानों पर होलिका का दहन हो जाए, इसके लिए पुलिस की मोबाइल दल गली- मोहल्लों में सक्रिय रहेगा । साथ ही नगर रक्षा समिति के सदस्य भी होलिका दहन करवाने के लिए प्रयास करेंगे ।
हिन्दू उत्सव समिति द्वारा होली दहन के दूसरे दिन 10 मार्च को धुरेड़ी का जुलूस निकाला जाएगा, जो पाटनदेव हनुमान मंदिर से सुबह 9 बजे प्रारंभ होगा। जो नगर के प्रमुख मार्गों से होकर महामाया चौक पहुंचेगा। इसके बाद गली-मोहल्लों में भी पहुंचेगा। दोपहर 2 बजे के समापन होगा। जुलूस के दौरान हुरियारे रंग-गुलाल उड़ाते हुए चलेंगे । हिन्दू उत्सव समिति के अध्यक्ष बबलू ठाकुर ने लोगों से हरे पेड़ नहीं काटने और कंडों की होली जलाने की अपील की है। साथ ही जुलूस में लोगों से शामिल होेने की अपील की है ।