- Hindi News
- National
- Begumganj News Mp News Illegal Liquor Being Sold Illegally In Gumathi Near Government College Unaware
सरकारी कालेज के पास गुमठी में अवैध रूप से बिक रही शराब, बेखबर प्रशासन
कालेज के छात्र- छात्राओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा
बेगमगंज | नगर में शराब ठेकेदार द्वारा शासकीय महाविद्यालय मार्ग पर अवैध गुमठी रखवाकर धड़ल्ले से शराब बिकवाई जा रही है, जिसके चलते कालेज के छात्र- छात्राओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। छात्रों ने शराब दुकान का विरोध करते हुए अफसरों से हटाने की मांग की है। शासकीय डीडी महाविद्यालय पहुंच मार्ग के मुहाने पर करीब 6 माह से आबकारी ठेकेदार द्वारा एक अवैध रूप से गुमठी रखवाकर सरे आम अवैध रूप से शराब का बिकवाने का आरोप विद्यार्थियों ने लगाया है।
शराब ठेकेदार के कर्मचारियों द्वारा केवल नगरीय क्षेत्र का ठेका होने के बावजूद भी नगर के कई वार्डों एवं ग्रामीण अंचल में गांव-गांव अवैध रूप से शराब की बिक्री कराई जा रही है। हद तो तब हो गई जब ठेकेदार के कर्मचारियों द्वारा शासकीय महाविद्यालय के पास महाविद्यालय जाने वाले पहुंच मार्ग पर अवैध रूप से एक गुमटी रखकर पिछले 6 माह से आबकारी विभाग की सांठगांठ से धड़ल्ले से खुलेआम शराब की बिक्री कराई जाने लगी है । जिसका पूर्व में छात्रों ने विरोध किया था कुछ दिन शराब का विक्रय बंद हो गया था अब फिर से बिक्री शुरू हो गई है। महाविद्यालय छात्र छात्राओं में मनीष जैन, संजय जैन, रोहित कुमार पटेल , अभिषेक शर्मा , रागिनी मिश्रा, देवांशी शर्मा, सुषमा ठाकुर, रेखा लोधी, प्रियंका जैन, मोहनी जैन, दिव्या जैन, देवेंद्र कुशवाहा, जितेंद्र कुशवाहा, मनोहर लाल पंथी, मगोविंद सिंह आदि ने बताया कि कई बार आबकारी विभाग के अफसरों की इसकी सूचना देकर लिखित में शिकायत भी कर चुके हैं। लेकिन अफसरों ने अभी तक इस दुकान को यहां से नहीं हटवाया है। छात्राओं ने बताया कि गुमटी पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। लोग यहीं पर शराब खरीदते हैं और कालेज के मैदान में बैठकर मजे से शराब पीकर अनर्गल वार्तालाप के साथ अभद्र शब्दों का उपयोग भी करते हैं। जिससे आने जाने व पढ़ाई करने में असहज करना पड़ता है। महाविद्यालय के छात्र एवं छात्राओं द्वारा चेतावनी देते हुए प्रशासन से मांग की है कि तत्काल उक्त गुमठी से अवैध शराब का विक्रय बंद कराया जाए अन्यथा वह होली के बाद आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इस संबंध में आबकारी विभाग के अधिकारियों से सम्पर्क नहीं हो सक । वहीं एसपी मोनिका शुक्ला का कहना है कि आपके माध्यम से सूचना मिली है। यदि अवैध शराब का विक्रय होते पाया गया तो कार्रवाई कराई जाएगी।