- Hindi News
- National
- Biyawara News Mp News 2 Employees Not Paid Salary For 2 Months 2 Shops Will Auction Their Salaries Again
नपा कर्मियों को 2 माह से नहीं मिला वेतन 2 दुकानें दोबारा नीलाम करके देंगे तनख्वाह
प्रदेश सरकार द्वारा नगरीय निकायों के अनुदान में कटौती किए जाने से कर्मचारियों को वेतन तक नहीं मिल पा रहा है। नगरपालिका के करीब 70 स्थाई कर्मचारियों को जनवरी महीने से वेतन का भुगतान नहीं हो पाया है। कर्मचारियों के वेतन का भुगतान करने के लिए नपा ने बकायादार दुकानदारों की दुकानें राजसात करना शुरू कर दिया है। इसके लिए कृषि उपज मंडी की दो दुकानों पर 12 लाख रुपए बकाया होने से यहां मंडी के बाहर के कॉम्पलैक्स की 5 व 6 नंबर दुकानों को राजसात कर ताले डाल दिए गए हैं। राजसात की गई दुकानों की अब नए सिरे से नीलामी प्रक्रिया कराई जाएगी, ताकि कर्मचारियों की तनख्वाह बांटी जा सके।
कई बार जारी हुए थे नोटिस, लेकिन एक रुपए भी जमा नहीं किया
नपा के प्रशासक व एसडीम संदीप अष्ठाना ने बताया कि कृषि उपज मंडी परिसर के बाहर नपा के आधिपत्य वाले कॉम्पलैक्स की जिन दो दुकानों को राजसात किया गया है उन पर करीब 12 लाख रुपए से ज्यादा बकाया था। इनके दुकानदारों को पूर्व में कई बार शहर नपा से नोटिस जारी कर बकाया रकम जमा कराने के लिए कहा गया था, लेकिन दुकानदारों ने बकाया जमा कराना तो दूर नोटिस का जवाब तक नहीं दिया था। ऐसे में अब इन दुकानों को राजसात करने की कार्रवाई की गई है। अब इन की पुन: नीलामी होगी।
अनारक्षित वर्ग में हंै दोनों दुकानें, व्यवसायियों ने नहीं चुकाई राशि, 23 मार्च को होंगी नीलाम
राजसात की गई दोनों दुकानें अनारक्षित वर्ग की बताई जाती है। इन दुकानों की की सरकारी कीमत 9.11 लाख व 9.1 लाख रुपए बताई जा रही है। नपा ने राजसात की गई इन दुकानों को पुन: नीलाम करने के लिए आगामी 23 मार्च की तारीख घोषित की है। एसडीएम श्री अष्ठाना ने बताया कि जो व्यक्ति इन दुकानों की नीलामी बोली में भाग लेना चाहते हैं वह 22 मार्च 2020 तक 50 हजार अमानत राशि के साथ टेंडर फार्म बंद लिफाफे में अपना रेट लिखकर जमा कर सकते हैं।