पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Sarangpur News Mp News Ban On Public Programs Screening Coming From Abroad Isolation Center Also Built

सार्वजनिक कार्यक्रमों पर रोक... विदेश से आने पर रही स्क्रीनिंग, आइसोलेशन सेंटर भी बनाया

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

सारंगपुर एसडीएम ने आदेश जारी कर सार्वजनिक कार्यक्रमों पर लगाई रोक

कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव को लेकर जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा रेग्युलर अपडेट लिए जा रहे हैं। जिले के किसी भी हिस्से में विदेश से आने वाले
पर्यटकों की पुलिस की सूचना पर स्क्रीनिंग करवाई जा रही है। उधर, सारंगपुर एसडीएम ने शनिवार को एक आदेश जारी कर सभी सार्वजनिक कार्यक्रमों पर रोक लगा दी है।

सीएमएचओ केके श्रीवास्तव नियमित बैठकें एवं जिले का दौरा कर खुद स्थिति का जायजा ले रहे हैं। सभी स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे खुद भी अलर्ट रहें और लोगों को भी जागरूक करें। खास बात यह है कि जिले में इस बार कोरोना
वायरस के खतरे के चलते
शनिवार को रंगपंचमी का पर्व भी फीका रहा। कई सामाजिक
संगठनों द्वारा रंगपंचमी पर निकलने वाली गेर को इस बार भव्य तरीके से नहीं निकालते हुए सामान्य रूप में ही निकाला।

त्याेहार पर असर... संक्रमण से बचने घरों से कम निकले हुरियारे

इस बार कोरोना का खौफ त्योहारों पर भी हावी नजर आ रहा है। सामाजिक कार्यकर्ता तेजेंद्र उपाध्याय ने बताया कि शहर में प्रतिवर्ष बहुत जोरशोर से रंगपंचमी का पर्व मनाया जाता है, बड़ी भारी संख्या में लोग सड़कों पर होली खेलने निकलते हैं, लेकिन इस बार पिछले वर्षों की अपेक्षा हुरियारों की संख्या कम दिखाई दी, कारण लोग संक्रमण की वजह से घरों से बाहर नहीं निकले। नरसिंहगढ़ के अनुराग चतुर्वेदी के मुताबिक वे हर साल खूब होली खेलते हैं, लेकिन इस बार कोरोना के खौफ के कारण होली खेलने से बचे।

कंट्रोल रूम जल्दी ही बनाएंगे, संदिग्धों को सेंटर में रखा जाएगा

जिला महामारी अधिकारी महेंद्र पाल सिंह ने बताया कि जल्द ही कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। स्वास्थ्य अधिकारियों के अवकाश निरस्त किए गए हैं। डॉक्टरों के फोन नंबर की सूची भी अस्पतालाों में चस्पा करवाई जाएगी। एक छात्रावास खाली करवाया गया है, जिसे क्वारिन्टाइन सेंटर के रूप में तैयार किया गया है। कोई संदिग्ध सामने आने पर उसे इसी सेंटर पर ही रखा जाएगा।

सीएमएचओ के स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश, जागरूकता अभियान चलाएं, संदिग्धों की करें जांच

अास्ट्रेलिया से अाई महिला, इंडोनेशिया से अाए पर्यटकों की कराई गई स्क्रीनिंग

शुक्रवार को राजगढ़ आई एक आस्ट्रेलिया महिला की स्क्रीनिंग की गई थी, जो खतरे से बाहर पाई गई, वहीं जीरापुर में भी इंडोनेशिया से आए कुछ पर्यटकों की स्क्रीनिंग हुई, वह भी खतरे से बाहर थे। लेकिन, इन पर्यटकों की जानकारी मिलने के बाद से सीएमएचओ ने तत्काल एक आदेश जारी किया है सभी बीएमओ को, जिसमें उन्होंने कहा है कि जिले में विदेश से आने वाले पर्यटकों की जानकारी रखें। उनकी जानकारी मिलने पर उन्हें तत्काल संबंधित सेंटर पर लेकर आएं और अपने आब्जर्वेशन में स्क्रीनिंग की जाए। सीएमएचओ ने सभी बीएमओ से कहा है कि पर्यटकों की जानकारी लेने के लिए सभी बीएमओ अपने क्षेत्र के थाना प्रभारियों से संपर्क में रहें, इधर सीएमएचओ ने इस संबंध में थाना प्रभारियों को भी पत्र लिखा है।

छात्रावास को बनाया क्वारंनटाइन सेंटर, तीन बैड की व्यवस्था करवाई।

उर्स परिसर में तीन वक्त किया जा रहा लेमनग्रास का छिड़काव

बाबा बदख्शानी की दरगाह पर चार दिन से उर्स चल रहा है। संक्रमण से बचाव के लिए कमेटी एहतियात बरत रही है। उर्स कमेटी के एहतेशाम सिद्दीकी ने बताया कि यहां आने वाले लोगों को समझाइश दी जा रही है कि वे एहतियात बरतें, सफाई का ख्याल रखें। उर्स परिसर में रोजाना दिन में तीन बार लेमनग्रास का छिड़काव करवाया जा रहा है, जिससे परिसर संक्रमण रहित बना रहे।

सीएमएचओ बोले- हमारे जिले में अभी कोई खतरा नहीं, पर सावधानी जरूरी

सीएमएचओ केके श्रीवास्तव ने बताया कि डॉक्टरों अाैर स्टाफ काे नियमित आदेश जारी किए जा रहे हैं कि तैयार रहें। बैठकों का दौर जारी है। हालांकि, विदेशों से आने वाले यात्रियों के प्रवेश पर रोक लगने के बाद से खतरा बहुत हद तक कम हो गया है। ऐसे विदेशी लाेग जाे पहले से अा चुके हैं, उन पर भी पूरी नजर रखी जा रही है। शुक्रवार को जिले के अलग अलग हिस्सों से ऐसे कुछ विदेशियों की स्क्रीनिंग की गई थी, लेकिन वे किसी भी प्रकार के संक्रमण से बाहर थे। हालांकि, वे लोग उर्स में भी सम्मिलित नहीं हुए। उनकी पूरी डिटेल ली गई थी। चिकित्सकीय परीक्षण में वे ठीक पाए गए। सरकार की गाइड लाइन का पालन किया जा रहा है। गाइड लाइन में यह है कि या तो सार्वजनिक कार्यक्रम निरस्त किये जाएं, या छाेटा किया जाए, एहतियात बरती जाए, शासन के निर्देशों का पालन किया जा रहा है।
खबरें और भी हैं...