- Hindi News
- National
- Khujner News Mp News Bills Are Being Paid To Villagers Without Cables Meters And Electricity
केबल, मीटर और बिजली के बिना ही ग्रामीणों को दे रहे बिल
एक साल पहले बिजली कंपनी के ठेकेदारों ने 150 घरों में लगाए थे मीटर, पर सप्लाई नहीं दी
बिजली वितरण केंद्र खुजनेर के तहत आने वाले चाटूखेड़ा गांव में ग्रामीणों को बिजली की समस्या परेशान किए हुए है। बगैर मीटर लगाए अाैर सप्लाई दिए ही ग्रामीणों को बिजली के बिल थमाए जा रहे हैं। वहीं कई ग्रामीण बिजली नहीं मिलने से बिल जमा नहीं कर रहे हैं। इसे लेकर बिजली कंपनी अाैर ग्रामीणों के बीच बिल व सप्लाई को लेकर विवाद चल रहा है। वहीं कुछ हिस्सों में कंपनी हर कभी बिजली सप्लाई बंद करने के साथ कम ज्यादा वॉल्टेज में सप्लाई दे देती है। इससे लोगों के बिजली उपकरण खराब हो जाते हैं। बुधवार रात 9 बजे अधिक वॉल्टेज आने से दांगी मोहल्ले में एक दर्जन से अधिक घरों के बल्व, टीवी सहित कई बिजली उपकरण जल गए।
ग्रामीण महेश दांगी, बालूसिंह दांगी, गुलाबसिंह, लक्ष्मीनारायण सेन ने बताया कि गांव में करीब एक साल पूर्व बिजली कंपनी के ठेकेदारों ने 150 से अधिक घरों में मीटर लगाए गए थे। जो अभी तक चालू नहीं किए जा सके हैं। इससे पहले भी मीटर लगाए गए थे। उनमें से भी अाधे से अधिक मीटर बंद पड़े हैं। इसके बाद भी उपभोक्ताओं को 100 रुपए से लेकर 500 रुपए तक बिल थमाए जा रहे हैं।
इधर और भी अधिक बुरे हालात : चाटूखेड़ा अाैर आसपास गांवों में तो इससे भी अधिक बुरे हाल हैं। पास के गांव लाख्या, पाटन, लसूड़ली, लटूरी आदि गांवों में ग्रामीणों को समय पर बिजली नहीं मिल रही है। कहीं मीटर नहीं लगाए गए हैं तो कहीं कनेक्शन नहीं दिए गए हैं। वहीं कहीं केबल खराब पड़ी है तो कहीं केबल ही नहीं बिछाई गई है। इस कारण ग्रामीणों को ट्रांसफार्मर से अपने घरों तक तार लगाकर बिजली लेनी पड़ रही है। इससे हादसे का डर बना है।
बिल जमा नहीं करने पर रोकी सप्लाई
ग्रामीणों ने बताया कि बिजली समस्या को लेकर खुजनेर बिजली वितरण केंद्र पर समस्या लेकर जाते हैं, लेकिन अधिकारी नहीं मिलते। वहीं फोन भी नहीं उठाते। इसको लेकर भास्कर ने सुपरवाइजर हिमांशु त्रिपाठी से बात की ताे उन्होंने कहा कि ग्रामीणों द्वारा बिल जमा नहीं किए जा रहे हैं। बकाया होने के कारण बिजली सप्लाई रोक दी जाती है।