- Hindi News
- National
- Pachore News Mp News Even After Five Years Speed Breakers Were Not Built On The Highway But They Were Ready But They Also Broke
पांच साल बाद भी हाईवे पर नहीं बनाए स्पीड ब्रेकर, रेडिमेड लगाए थे, लेकिन वह भी टूट गए
नगर से गुजरे पचोर सोयत स्टेट हाईवे पर शहर के अंदर रोड पर लगाए गए स्पीड ब्रेकर अब गायब हो चुके हैं। इससे हाईवे पर वाहन तेज रफ्तार में फर्राटे से निकलते हैं। इस कारण राहगीरों सहित अन्य वाहन चालकों और छात्र-छात्राओं को हर समय दुर्घटना का डर बना रहता है। वहीं छुटपुट घटनाएं तो होती ही रहती हैं। समय रहते रोड पर चौराहा, बस स्टाप एवं बस स्टैंड आदि क्रासिंग पाइंट एवं स्टाप पर स्पीड ब्रेकर नहीं बनाए गए तो कभी भी बड़ी दुर्घटनाएं होने से इंकार नहीं किया जा सकता है।
नगर में सुबह 8 बजे स्कूल जाते समय बस स्टैंड दरवाजे के पास दो तीन स्टाॅप हैं। जहां से बच्चे बसों में बैठते हैं और फिर स्कूल से अाकर यहीं उतरते हैं। इस दौरान बच्चों द्वारा रोड क्रास किया जाता है, जिससे दुर्घटना का डर लगा रहता है, क्योंकि इन बस स्टॉप पर पूर्व में लगाए गए स्पीड ब्रेकर टूटकर खत्म हो गए हैं। जब स्टेट हार्इवे बना था तभी ब्रेकर बनाए गए थे, लेकिन उसके बाद नगर परिषद ने इनकी सुध नहीं ली।
नगर के बीच 24 स्थानों पर स्पीड ब्रेकरों की जरूरत
नगर के बीच हाईवे पर करीब दो दर्जन से अधिक स्थानों पर स्पीड ब्रेकर लगाए जाने की जरूरत है। जिससे राहगीरों, वाहन चालकों, रहवासियों सहित स्कूली बच्चों को दुर्घटनाओं के डर से राहत मिल सके। नगर में खजूरी रोड, बस स्टैंड दरवाजा, तालाब मोहल्ला, खरली मोहल्ला, अस्पताल रोड, कांकरिया रोड आदि जगह से जब लोग हाईवे पर जाते हैं, तो स्पीड ब्रेकर न होने से तेज स्पीड में आने जाने वालों से अन्य वाहनों व लोगों की टक्कर होते होते बच जाते हैं। कई बार तो वाहन टकरा भी जाते हैं। इसके साथ ही कन्या माध्यमिक स्कूल, बस स्टैंड स्थित प्राथमिक विद्यालय, कन्या एवं बालक हायर सेकंडरी स्कूल के सामने भी गति अवरोधक नहीं हैं। इन स्थानों पर भी स्पीड ब्रेकर बनाने की जरूरत है।
पांच साल में भी नहीं बनाए जा सके स्पीड ब्रेकर : नगर में स्टेट हाईवे बनाया गया था। इसे बने भी पांच साल से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन निर्माण कंपनी द्वारा नगर में किसी भी जगह पर स्पीड ब्रेकर नहीं बनाए गए। इसको लेकर भास्कर ने तेज स्पीड से दौड़ते वाहनों से होने वाली दुर्घटनाओं की आशंकाओं को लेकर खबर प्रकाशित कर नगर परिषद सहित प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया था। इस पर नगर परिषद द्वारा प्लास्टिक के रेडिमेड स्पीड ब्रेकर लगवाए गए थे। लेकिन उन्हें भी टूटे हुए तीन साल से अधिक का समय हो गया है। इससे फिर से वाहनों की स्पीड बढ़ने व दुर्घटनाओं की संभावनाएं बढ़ गई हैं। लेकिन नप कोई ध्यान नहीं दे रही है। नागरिकों ने आरोप लगाते हुए कहा लगता है नगर परिषद कोई बड़ी दुर्घटनाओं का इंतजार कर रही है।
तीन साल पूर्व नप ने रेडिमेड स्पीड ब्रेकर लगाए थे, वह भी वाहनों से टूटकर बिखर गए
जल्द लगवाए जाएंगे स्पीड ब्रेकर
-आरसी वर्मा, सीएमओ, नप छापीहेड़ा
रंबर स्पीड ब्रेकर बना सकते हैं
-रवींद्र गुप्ता, परियोजना निदेशक, एनएचएआई, इंदौर
स्टेट हाईवे पर तेज रफ्तार दौड़ते वाहनों के बीच रोड क्रास करते बच्चे।