- Hindi News
- National
- Sarangpur News Mp News For The First Time In 93 Years The Youth Shouted Slogans To Rescue Corona
कोरोना से बचाव के लिए 93 साल में पहली बार नहीं निकाली गेर, युवाओं ने की नारेबाजी
होली पर्व का पांच दिवसीय उत्सव नगर में पारंपरिक ताैर पर मनाया जाता है। इसी के अंतर्गत 93 साल से निकाली जा रही रंग पंचमी की गेर इस बार कोरोना वायरस से बचाव एवं जिला प्रशासन की सतर्कता के चलते पहली बार नहीं निकाली जा सकी। गेर को निकालने की पूरी तैयारियां आयोजक सार्वजनिक हिंदू उत्सव समिति द्वारा की गई थीं, लेकिन प्रशासन द्वारा कोरोना वायरस के चलते गेर निकालने की मंजूरी निरस्त कर दी गई। गेर नहीं निकाली जाने से नगर के लोगों व हुरियारों में नाराजगी भी देखी गई।
हिंदू उत्सव समिति के पूर्व अध्यक्ष विकास विजयवर्गीय के नेतृत्व में नव युवकों ने बाल रूप हनुमान मंदिर पुराना बस स्टैंड से गांधी चौक होते हुए अंबे माता मंदिर चौक तक जुलूस निकाला। इसमें वर्तमान हिंदू उत्सव समिति अध्यक्ष के खिलाफ लोगों ने सामूहिक गेर नहीं निकाले जाने के विरोध में नारे लगाए। लोगों ने अपनी टोलियों के रूप में नगर में भ्रमण कर खूब रंग गुलाल उड़ाकर पर्व मनाया।
संगठनों ने बांटे मास्क, पुलिसकर्मी भी पहने रहे
सारंगपुर में रंग पंचमी पर नवयुवक सुबह से ढोल की थाप पर डांस करते नजर आए। वहीं इस दौरान कोरोना वायरस से बचाव के लिए सामाजिक संस्थाओं ने मास्क बांटे। सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी भी मास्क पहने नजर आए। युवकों की टोलियां ने एक दूसरे को रंग व गुलाल डालकर पर्व की शुभकामनाएं दी। महादेव मित्र मंडल, हिंदू उत्सव समिति, सद्भावना मंच, अंजुमन कमेटी आदि धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों द्वारा कोराेना वायरस के खतरे के कारण गेर एवं गेर का स्वागत कार्यक्रम निरस्त कर दिए गए। वहीं कोरोना के प्रभाव से लोगों को बचाने एसडीएम प्रिया वर्मा ने रंगपंचमी की गेर निकालने की अनुमति निरस्त कर दी गई। बस स्टैंड पर व्यापारी एसोसिएशन के सदस्यों ने जमकर होली खेली।
सामूहिक गेर निकाली, टेपा सम्मेलन हुआ
छापीहेड़ा | कोरोना वायरस के डर के बीच भी रंग पंचमी पर नगर में जमकर रंग और गुलाल उड़ाया गया। ढोल के साथ पूरे नगर में गेर निकाली गई। इसमें बड़े अधिकारी से लेकर आम नागरिकों ने रैली में भाग लिया। इसके बाद में बस स्टैंड परिसर पर टेपा सम्मेलन रखा गया। इसमें सभी ने अपनी रंग भरी कविताएं गीत सुनाईं। मूर्ख सम्मेलन में थाना प्रभारी उमाशंकर मुकाती, तहसीलदार मोहित सिनम, बालचंद दांगी, हेमंत सेठिया, मुकेश चौधरी, दीपक इंगले, दीपक नागर, श्याम कौशिक बिहारी आदि शामिल हुए।
हर्षोल्लास के साथ में मनाया रंग पंचमी : जीरापुर | नगर में रंग पंचमी पर्व परंपरागत हर्षोल्लास के साथ में मनाया गया। लोगों ने एक दूसरे को रंग गुलाल लगाकर बधाई दी। सुबह से ही बच्चे व युवा उत्साहित होकर रंग गुलाल उड़ाकर रंगों का त्योहार हर्षोल्लास से मनाते नजर आए।
हुरियाराें की टोलियों ने निकाली गेर, पुलिस ने दी कोरोना वायरस की जानकारी : पड़ाना | सुबह 11 बजे हुरियारों की टोली सदर बाजार में एकत्रित हुए। 12 बजे ढोल धमाकों के साथ हुरियारों की टोलियां ने नाचते हुए गेर निकाली। गेर सदर बाजार बड़े गणेश मंदिर से प्रारंभ होकर प्रमुख मार्गों से निकाली गई। गांधी चौक बस स्टैंड पर चौकी प्रभारी गोविंद सिंह मीना ने लोगों को कोरोना वायरस के बारे में बताते हुए पर्व शांतिपूर्ण छोटे स्तर पर मनाने की समझाइश दी। वहीं पुलिस व पटवारी की टीम सुरक्षात्मक निगरानी रखे रहे। मेड़तवाल समाज की महिला पुरुषों ने जमकर रंग गुलाल से से त्योहार मनाया। 3 बजे भाग भजनों के साथ फाग उत्सव भी मनाया।
स्कूल में मनाया पर्व : संडावता | डेली पब्लिक स्कूल में होली व रंग पंचमी का पर्व मनाया गया। विद्यार्थी एवं शिक्षकों ने मां सरस्वती पूजन कर एक दूसरे को रंग गुलाल लगाकर पर्व कर शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर विद्यालय प्रबंधक दीपक गुप्ता, प्राचार्य प्रियंका चौहान, संजय राठौर, राहुल गुप्ता, तनु व्यास, पायल दुबे, पिंकी रजक, बबली बी, बृजेश रठिया, इंदिरा लोहिया, पूजा प्रजापति, फिरदौस खान, अनुराग गुप्ता, मिनर्वा गुप्ता आदि मौजूद रहे। वहीं विद्यार्थियों को कोराेना वायरस की जानकारी देकर उससे बचाव के टिप्स दिए।
गांव में घूमकर लगाया लोगों को रंग-गुलाल
उदनखेड़ी | नगर में रंग पंचमी उल्लासपूर्ण एवं सादगी के वाथ मनाई गई। हिन्दू उत्सव समिति के तत्वावधान में नागरिकों ने एक साथ मिलकर पूरे गांव में घूमकर एक दूसरे को रंग गुलाल लगाया। इस मौके पर नंदलाल नागर ने मकान के सामने पानी के टैंक व रंग गुलाल की व्यवस्था की। युवाओं ने नाच गाकर उत्सव मनाया।
सुबह से शाम तक ढोल की थाप के बीच हुरियारों ने खेला रंग-गुलाल, गाए फाग गीत और भजन
सारंगपुर। गेर नहीं निकाली पर युवाओं ने घर-घर जाकर दी शुभकामनाएं
छापीहेड़ा। टेपा सम्मेलन में काव्य पाठ करते कवि एवं मौजूद नागरिक।
मुस्लिम समाज के लोगों ने फूल बरसाकर किया गेर का स्वागत, फाग उत्सव भी मना
आगर मालवा | नगर के गोपाल मंदिर चौक से हुरियारों ने बैंडबाजों के साथ गेर निकालीं। प्रमुख मार्गों से होती हुई गेर पुन: गोपाल मंदिर पहुंची। इसमें हर समाज एवं वर्ग के युवाओं ने भाग लिया। इस दौरान नागरिकों ने रंग का उपयोग न करते हुए गुलाल से होली खेलकर हजारों लीटर पानी बचाया। दोपहर में नपा प्रशासन ने जल प्रदाय किया। हालांकि कुछ स्थानों पर पानी की समस्या भी रही। पर्व पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन भी सतर्क रहा। इस दौरान हाटपुरा स्थित मुल्तानी मस्जिद के सामने मुस्लिम समाज के लोगों ने फूल बरसाकर गेर का स्वागत किया। वहीं मुस्लिम समाज ने अधिकारियों, गेर आयोजकों सहित गणमान्य लोगों का साफा बांधकर सम्मानित किया। मुरली मनोहर मंदिर परिसर में मुरली मनोहर मित्र मंडल ने फाग महोत्सव मनाया। महिला मंडल सहित पुरुषों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।महिलाओं ने फाग गीत और भजन गाए। वहीं पुरुषों ने एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाया।