- Hindi News
- National
- Biyawara News Mp News Rangpanchami Today Hindu Utsav Samiti Will Remove Colors From The Tanker
रंगपंचमी अाज: हिंदू उत्सव समिति टैंकर से रंग बरसाते हुए निकालेगी गेर
हिंदू उत्सव समिति द्वारा रंगपंचमी के मौके पर 14 मार्च को शहर में गेर निकाली जाएगी। हर साल की तरह इस बार भी समिति शहर में सालों पुरानी परंपरा के तहत मातामंड मोहल्ला स्थिति शीतला माता मंदिर से टैंकर से रंग बरसाते हुए गेर आरंभ करेगी। ये शहर के सभी प्रमुख मार्गों से होकर पुराने बस स्टैंड पर एबी रोड स्थित चिंताहरण हनुमान मंदिर तक पहुंचेगी।
इस दौरान गेर में शामिल लोग शहरवासियों को रंग लगाए और बरसाएंगे। इस दिन भाईचारे के साथ शहर के हजारों लोग शामिल होंगे। गेर शीतला माता मंदिर से सुबह 9 बजे से शुरू होगी। हिन्दू उत्सव समिति अध्यक्ष फूलसिंह कुशवाह ने बताया कि गेर को हर बार की तरह इस बार भी भव्य रूप दिया जाएगा। इसकी तैयारियों को शुक्रवार को अंतिम रूप दिया गया।
गुलाल के साथ दिखेंगे उल्लास के रंग
गौरतलब है कि हिंदू उत्सव समिति द्वारा हर वर्ष इस परम्परागत आयोजन को आयोजित किया जाता है और शहर में होली की अपेक्षा रंग पंचमी के दिन लोगों में गजब का उत्साह देखने को मिलता है। हिंदू उत्सव समिति द्वारा कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए सभी प्रकार की तैयारियां की गई है। गेर शीतला माता मंदिर से शुरू होकर सुठालिया रोड, मैन मार्केट, सुभाष चौक, जगात चौक, इंदौर नाका, पीपल चौराहा हाेते हुए चिंता हरण हनुमान मंदिर पहुंचेगी। जहां महाआरती के साथ गेर का समापन होगा।