नगर की प्रसिद्ध धार्मिक सामाजिक संस्था श्री बजरंग नवयुवक समिति द्वारा हनुमान मंदिर किशनगढ़ की प्राण प्रतिष्ठा समारोह की 28 वीं वर्षगांठ हर्षोल्लास से मनाई गई। इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर प्रसादी ग्रहण की। समिति द्वारा प्राचीन हनुमान मंदिर का जीर्णोद्धार कराकर 13 जुलाई 1991 को नवीन मंदिर में समारोह पूर्वक बालाजी की प्राण प्रतिष्ठा की गई थी। तब से हर साल प्राण प्रतिष्ठा समारोह की वर्षगांठ उत्सव के रूप में मनाई जाती है।
दो दिवसीय समारोह के दौरान अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया गया। शनिवार सुबह मंदिर परिसर पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूर्णाहुति यज्ञ में मौजूद लोगों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आहुतियां दीं। सुख, शांति, स्वस्थ जीवन की कामना के साथ सदस्यों ने महायज्ञ में आहुति प्रदान की। इसके बाद बालाजी की महाआरती कर महाप्रसादी का आयोजन किया गया। समिति सदस्यों ने बताया कि मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा उत्सव के रूप में मनाने की अनूठी परम्परा शुरु की गई है। जिसका आयोजन समिति के सदस्यों द्वारा ही किया जाता है। यज्ञ में शामिल होने वाले परिवार की बालाजी मनोकामना पूरी करते हैं। इसी मान्यता के चलते यह उत्सव हर साल मनाया जाता है।
प्राण प्रतिष्ठा समारोह की वर्षगांठ पर पूर्णाहुति यज्ञ में शामिल श्रद्धालु।