- Hindi News
- National
- Biyawara News Mp News Shops Up To The Footpath Parking On The Road The Result Being Jammed On Rajgarh Road Several Times A Day
फुटपाथ तक दुकानें, सड़क पर पार्किंग, नतीजा राजगढ़ रोड पर दिन में कई बार लग रहा जाम
लोगों ने उठाई कार्रवाई कराकर लगातार निगरानी कराने की मांग, ताकि बाधित न हो पाए मार्ग
शहर के राजगढ़ रोड पर ट्रैफिक जाम की समस्या बढ़ गई है। स्थिति ये है कि जहां दिन में कई बार सब्जी मंडी के सामने से लेकर बैकुंड मार्ग तक ट्रैफिक जाम की स्थिति निर्मित हो रही है, लेकिन इसके बाद भी न तो पुलिस इस पर ध्यान दे रही है और न ही नगरपालिका ही ठोस कार्रवाई कर पा रही हो।
दरअसल शहर के प्रमुख मार्गों में से एक राजगढ़ रोड पर पीपल चौराहे से लेकर पीजी कॉलेज तक एक तो दोनों तरफ स्थित दुकानों का सामान दुकानदार फुटपाथ पर फैलाकर रखते हैं। दूसरा सड़क पर ही फल, सब्जी के ठेले खड़े होते हैं। तीसरा शहर में खरीददारी के लिए आने वाले ग्रामीण भी अपने वाहन सड़क पर ही खड़े करते हैं। ऐसे में पूरे मार्ग पर पीपल चौराहे से लेकर बैकुंड मार्ग तक दिन में कम से कम 12 से 15 बार ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है। इसमें डालचंद टावर के आसपास व सटे हुए बने शॉपिंग काॅम्प्लेक्सों के आगे तो अवैध पार्किंग व दुकानों का सामान सड़क पर रखा होने से स्थिति बद से बदतर हो जाती है।
रोजाना की समस्या से निबटने ठोस कार्रवाई नहीं कर पा रहे हैं जिम्मेदार
_photocaption_*photocaption*
शुक्रवार को शाम 4 बजे राजगढ़ रोड पर लगे ट्रैफिक जाम की स्थिति बयां करते हुए चित्र।
न पुलिस का प्वाइंट लगा हैं और न ही नपा दे रही ध्यान
राजगढ़ रोड पर रोजाना में दिन में कइयों बार बनने वाली ट्रैफिक जाम की स्थिति के बाद भी न तो इस मार्ग की यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए पुलिस कर्मियों को तैनात किया जाता है और न ही नगरपालिका ही ध्यान दे रही है। ऐसे में स्थिति बद से बदतर हो गई है। हालांकि इस मार्ग पर लगने वाले फल व सब्जी के ठेलों पर जरूर नगरपालिका व पुलिस ने संयुक्त तौर पर कई बार कार्रवाई की है, लेकिन हर बार सिर्फ दिखावे के लिए ही हल्की कार्रवाई कर जिम्मेदार रह जाते हैं। ऐसे में कार्रवाई के अगले दिन ही ठेले व दुकानों का सामान वापस सड़क पर रखा होने लगता है।
लोगों ने कहा- ठोस कार्रवाई हो तो दिखे असर
राजगढ़ रोड पर रोजाना बनने वाली ट्रैफिक जाम की स्थिति से शहरवासियों को निजात दिलाने के लिए यदि जिम्मेदार ठोस कार्रवाई कर लगातार निगरानी कराए तो जरूर स्थिति में सुधार हो सकता है। मनाेज शर्मा, राजू यादव, सत्येंद्र सिंह सेंगर, एडवोकेट शिशुपाल सिंह राणा आदि ने बताया कि यदि शहर नगरपालिका और पुलिस संयुक्त टीम बनाकर कार्रवाई करके और रोजाना इसकी मॉनिटरिंग कराए तो निश्चित तौर पर न सिर्फ राजगढ़ रोड पर फुटपाथ तक फैली दुकानों का सामान सड़क तक नहीं आएगा। जबकि फल व सब्जी के ठेले भी व्यवस्थित लगने लगेंगे और सड़क किनारे होने वाली अवैध पार्किंग की समस्या भी कम होगी जिससे आम लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। लोगों ने राजगढ़ रोड पर फैले अस्थाई अतिक्रमण को हटवाने की मांग की है, ताकि दिन में रोजाना कई बार बनने वाली ट्रैफिक जाम की स्थिति से उन्हें निजात मिल सके।