पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Biyawara News Mp News The Echo Of The Slap Spread All Over The Country Keep The Collector Here Till The Promotion For The Empowerment Of Women

थप्पड़ की गूंज पूरे देश में फैली, महिला सशक्तीकरण के लिए कलेक्टर को प्रमोशन नहीं होने तक यहीं रखें

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

झगड़ा अाैर नातरा प्रथा से जिले काे मुक्त कराने के लिए अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर शहर के स्टेडियम परिसर में रविवार दोपहर 2 बजे महिला सम्मेलन आयोजित किया गया। जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि महिला सशक्तीकरण का यह कार्यक्रम सराहनीय है। यहां के थप्पड़ की गूंज देशभर में फैली है। ऐसी महिला कलेक्टर को प्रमोशन नहीं होने तक यहीं कलेक्टर रखें, इसके बाद आयुक्त भी यहीं बना दें। गौरतलब है कि 19 जनवरी काे ब्यावरा में सीएए के समर्थन में अायाेजित रैली में कलेक्टर ने एक कार्यकर्ता काे थप्पड़ मार दिया था।

महात्मा गांधी के प्रिय भजन वैष्णव जन ताे तेने कहिए और रघुपति राघव राजाराम के साथ कार्यक्रम शुरू हुआ। इस दौरान महिलाअाें के सम्मान में एक मिनट का मौन धारण किया गया। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरूआत की गई। इसी दौरान पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को आवेदन देने वालाें की भीड़ लग गई तो वह नाराज हो गए और सभी को प्रभारी मंत्री जयवर्धन सिंह के पास भेज दिया। इसके बाद कलेक्टर निधि निवेदिता ने मंच से जिले में चल रहे काम व योजनाओं की जानकारी दी। कांग्रेस नेता मोना सुस्तानी ने झगड़ा प्रथा के खिलाफ लाल चूनर संगठन के कामाें पर प्रकाश डाला। इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष नारायणसिंह आमलाबे, पूर्व विधायक हेमराज कल्पोनी, डॉ. रामप्रसाद दांगी, पूर्व जिलाध्यक्ष रामचंद्र दांगी सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष उपस्थित थे।

चर्चा में रहा... कुर्सी पर बैठे थे प्रभारी मंत्री एक मिनट के लिए नीचे ही बैठ गईं एसडीएम

जब सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहे थे, तब प्रभारी मंत्री जयवर्धन सिंह के पास एसडीएम श्रुति अग्रवाल पहुंची। प्रभारी मंत्री से चर्चा के लिए वे नीचे बैठने जैसी स्थिति में बात करने लगी। एेसा करीब एक मिनट हुअा। इसके बाद वे उठकर चली गई। उनके हाथ में कुछ कागज भी थे। यह बात कार्यक्रम स्थल पर चर्चा में रही।

दिग्विजय बोले-जीवन में इतना प्रभावशाली कार्यक्रम नहीं देखा

सम्मेलन में दिग्विजय सिंह ने कहा कि मोहनपुरा कुंडालिया के बीच उद्योग अाैर कुटीर उद्योग की स्थापना करने पर जोर देंगे। प्याज की खेती होने लगी तो भंडारण का भी प्रयास करेंगे। श्रीसिंह ने कहा कि नाटक के माध्यम से जो यहां प्रदर्शन हुआ, वह प्रभावशाली था। मेरे जीवन में बहुत सरकारी कार्यक्रम देखे, लेकिन इतना प्रभावशाली कार्यक्रम जीवन में नहीं देखा। शिशु मृत्यु दर व कुपोषण को दूर करने यहां प्रशासन ने मेहनत की। उन्होंने कहा कि झगड़ा को लेकर कानून बनना चाहिए, इसके लिए सभी वकीलों से राय लेकर प्रारूप तैयार किया जाए, इसके लिए नया कानून बनाने मुख्यमंत्री कमलनाथ से चर्चा कर प्रारूप तैयार कराऊंगा।

पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, मंत्री पीसी शर्मा, प्रभारी मंत्री जयवर्धन सिंह, ऊर्जा मंत्री प्रियव्रत सिंह हुए शामिल

झगड़ा प्रथा खत्म करने शपथ लेते हुए अतिथि।

कार्यक्रम में यह भी हुआ

{ नातरा को खत्म करने अलग-अलग वक्ताओं ने मंच से 94 बार इस शब्द का जिक्र किया

{ सम्मेलन में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं का सम्मान किया गया। कुछ महिलाओं ने आत्मनिर्भर बनने की कहानी सुनाई।

{ कार्यक्रम से पहले पूर्व सीएम श्रीसिंह मां जालपा मंदिर पहुंचे और तीनों केबिनेट मंत्रियों से से मां जालपा की पूजा अर्चना कराई। वे बाबा बदख्शानी की मजार पर चादर चढ़ाने पहुंचे। बाद में होड़ा माता मंदिर पहुंचे।

कमलनाथ सरकार पूरी मजबूती के साथ चुनी गई है और पूरे पांच साल काम करेगी : दिग्विजय सिंह

हाल की राजनीतिक उठापटक के बारे में प्रेस से बात करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि जनता द्वारा चुनी हुई सरकार को असफल करने के लिए या जनता के आदेश को विफल करने के लिए भारतीय जनता पार्टी का यह तीसरा प्रयास था। करोड़ों रुपए की लालच देना किसी भी प्रजातंत्रीय व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। कमलनाथ सरकार पूरी मजबूती से चुनी गई है और पूरे पांच साल काम करेगी। उन्होंने कहा कि संजय पाठक जिस प्रकार व्यवहार कर रहे हैं, वह उनके माता-पिता के संस्कार व संस्कृति के विपरीत है। उन्हें इससे बाज आना चाहिए।

पहले सीएम, अब पीसी शर्मा ने कहा- झगड़ा प्रथा के खिलाफ कानून बनाएंगे

महिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए ऊर्जामंत्री प्रियव्रत सिंह ने कहा कि जिले में इस कुप्रथा को खत्म करने हम आज संकल्प लेंगे, ताकि इस कलंक को मिटाया जा सके। वहीं प्रभारी मंत्री जयवर्धन सिंह ने कि कहा जिला प्रशासन व लाल चूनर संगठन का यह कार्यक्रम सराहनीय है। अगले साल यह आयोजन देश की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की थीम पर आयोजित हो। वहीं जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा ने झगड़ा प्रथा को मिटाने कानून बनाने का आश्वासन दिया। इससे पहले सीएम भी ऐसा कह चुके हैं।

विधायक ने उद्योग स्थापित करने रखी मांग

ब्यावरा विधायक गोवर्धन दांगी ने कहा कि धर्म हो या देश हमारे यहां सबसे पहले मां को आगे रखा है। इस दौरान विधायक बापूसिंह तंवर ने जिले में उद्योग स्थापित करने की मांग की है। इसके साथ ही जिले से पलायन रोकने कदम उठाने भी पूर्व सीएम श्रीसिंह से कहा है।
खबरें और भी हैं...