- Hindi News
- Local
- Mp
- Ratlam
- Ratlam News Mp News 21 Thousand Quintal Wheat Auction In A Single Day In Mandi More Arrivals Than Last Year
मंडी में एक ही दिन में 21 हजार क्विंटल गेहूं की नीलामी, पिछले साल से ज्यादा आवक
तीन दिन की छुट्टी के बाद बुधवार से अनाज मंडी खुली। नीलामी के लिए सुबह से ही गेहूं की आवक शुरू हो गई थी। सुबह 10.30 बजे से नीलामी शुरू हुई शाम 5 बजे तक 21 हजार क्विंटल गेहूं की नीलामी की गई। गेहूं के भाव 1700 से 2300 रुपए प्रति क्विंटल रहे। औसत भाव 1950 रुपए प्रति क्विंटल रहे।
होली के बाद गेहूं की आवक बढ़ गई है। कटाई के बाद किसान सीधे मंडी में गेहूं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉलियां लेकर पहुंचने लगे हैं। नीलामी के बाद गुरुवार की नीलामी के लिए बुधवार शाम से फिर मंडी में गेहूं की ट्रालियों की आवक शुरू हो गई। रात तक गेहूं से भरी 150 ट्रॉलियां पहुंच गईं। मंडी सचिव एमएल बारसे ने बताया कि किसानों को कोई परेशानी ना हो इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है। बुधवार को हमने गेहूं से भरी 700 ट्रॉलियों की नीलामी की गई, जो इस सीजन में सबसे ज्यादा है। हमारा आगे भी यही प्रयास रहेगा कि ज्यादा से ज्यादा ट्रॉलियों की नीलामी की जाए।
पिछले साल से 25 फीसदी ज्यादा आवक हुई
इस साल गेहूं की आवक पिछले साल से 20 फीसदी ज्यादा है। पिछले साल इस समय 12 हजार क्विंटल गेहूं की आवक थी। वहीं इस साल 21 हजार क्विंटल की आवक है। इस बार गेहूं के भाव पिछले साल की तुलना में कम है। पिछले साल गेहूं 1800 से 2450 रुपए प्रति क्विंटल बिक रहा था। वहीं इस बार भाव 1700 से 2300 रुपए प्रति क्विंटल है।
अच्छा रहा मौसम, 30 फीसदी हुई कटाई
अच्छी बारिश की बदौलत 2.38 लाख हेक्टेयर में गेहूं की बोवनी हुई है। 30 फीसदी कटाई पूरी हो चुकी है। शेष कटाई इस महीने के आखिरी तक पूरी हो जाएगी । 25 मार्च से समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी होना है। इससे आने वाले दिनों में इसकी आवक और बढ़ेगी। पिछले साल 1.38 लाख हेक्टेयर में गेहूं की बोवनी हुई थी।
लहसुन की आवक 65 फीसदी तक घटी
गेहूं की आवक भले ही बढ़ गई है। लेकिन लहसुन की आवक 70 फीसदी तक घट गई है। होली के पहले तक 10 हजार कट्टे रोज की आवक थी। जो अब 3500 कट्टे की रह गई है। वहीं भाव भी घट गए हैं। होली के पहले औसत भाव 4770 रुपए प्रति क्विंटल थे। जो अब 4250 रुपए प्रति क्विंटल है।
आज व कल खुलेगी मंडी, फिर दो दिन की छुट्टी
मंडी गुरुवार और शुक्रवार को खुलेगी। इसके बाद शनिवार और रविवार दो दिन लगातार बंद रहेगी। 14 मार्च को बैंक बंद होने और और 15 मार्च को रविवार होने से छुट्टी रहेगी। वहीं 22 मार्च को रविवार, 25 मार्च को गुड़ी पड़वा और 28 मार्च को चौथा शनिवार और फिर 29 मार्च को रविवार होने से मंडी बंद रहेगी। अनाज मंडी के साथ ही प्याज एवं लहसुन मंडी और नामली की उपमंडी भी बंद रहेगी।
गेहूं के भाव 1700 से 2300 रुपए प्रति क्विंटल रहे, औसत भाव 1950 रुपए प्रति क्विंटल
महू रोड अनाज मंडी में ट्रैक्टर ट्रॉलियों में बिकने आया गेहूं।