- Hindi News
- Local
- Mp
- Ratlam
- Jaora News Mp News 27 People Are Getting The Most Despite The Prohibition Preparing To Isolate Them Away From The City
27 लोग मनाही के बावजूद सबसे मिल रहे, इन्हें शहर से दूर आइसोलेट करने की तैयारी
डब्ल्यूएचओ द्वारा कोरोना वायरस को महामारी घोषित करने के बाद सरकार ने देशभर में कोरोना हाई अलर्ट कर दिया है। इसमें सबसे ज्यादा ध्यान उन 27 लोगों व उनके परिवार पर रखा जा रहा है जो सप्ताहभर के दरमियान विदेश यात्रा करके रतलाम जिले में आए। इनमें 11 लोग जावरा के है। इनमें से किसी को कोरोना के लक्षण नहीं है, पूरी तरह स्वस्थ है। लेकिन कोरोना के संदर्भ में स्वास्थ विभाग की तरफ से जारी गाइडलाइन के अनुसार इन्हें विदेश से आने के बाद 15 दिन किसी से मिलना नहीं है। जरूरी सावधानी बरतना है और सर्दी-जुकाम व बुखार हाेने पर तुरंत स्वास्थ विभाग को सूचना देना है।
स्वास्थ विभाग की टीमें इनसे लगातार संपर्क कर रही है। 9 मार्च को बैंकाक की यात्रा से 9 सदस्य जावरा व रतलाम में लौटे। इसके पहले 1 मार्च को कई लोग विभिन्न देशों की यात्राएं करके रतलाम जिले में वापस आए। गुरुवार को जावरा में बीईई बसंतीलाल मीणा एवं सुपरवाइजर अनिल पटेल ने बैंकाक से आए लोगों से मुलाकात कर फाॅर्म भरवाए तथा 15 दिन होम आइसोलेशन की सलाह दी। जिला स्वास्थ अधिकारी डॉ. जीआर गौड़ ने बताया अब तक के सर्वे में यह बात सामने आई है कि विदेश से आए ज्यादातर लोग मनाही के बावजूद घर में एकांत में नहीं रह रहे है। वे सामान्य लोगों की तरह सबसे मिल-जुल रहे तथा अपने दुकान या शोरूम पर बैठ रहे हैं। जिला महामारी नियंत्रक प्रमोद प्रजापति ने बताया भले ही ये लाेग स्वस्थ है लेकिन इनका दायित्व है कि ये स्वास्थ विभाग की गाइडलाइन का पालन करें। क्योंकि इनकी वजह से न केवल परिवार बल्कि शहर के अन्य लोग भी संक्रमित हो सकते हैं। जिले में एक भी कोरोना संदेहास्पद मरीज नहीं है लेकिन ऐहतियात रखना जरूरी है। विदेश से आए लोग खुद को आइसोलेट नहीं कर रहे हैं, इसलिए हम शुक्रवार को कलेक्टर से मिलकर कुछ न कुछ निर्णय लेंगे। जरूरी हुआ तो ऐसे सभी लोगों को एक जगह इकट्ठा करके शहर से दूर बने किसी आइसोलेशन वार्ड में रखा जाएगा। तय अवधि पूरी होने के बाद ही इन्हें इनके घर जाने दिया जाएगा। रतलाम में मेडिकल कॉलेज में ऐसा एक रूम बनाया है। इसके अलावा जावरा सहित अन्य जगहों पर भी शहर से बाहर इलाके में स्थित होस्टल या ऐसे सरकारी भवन चिह्नित किए जा रहे हैं जहां जरूरत पड़ने पर कोरोना के लक्षण वाले मरीजों को रखा जा सकें।
सामान्य सर्दी-जुकाम व बुखार वाले लोग नहीं डरें
महामारी नियंत्रण प्रजापति ने बताया कि सामान्य सर्दी-जुकाम व बुखार वाले मरीज बिल्कुल नहीं घबराएं और अफवाह पर ध्यान नहीं दें। कोरोना के संदेह में केवल उन्हीं मरीजों काे रखा जाएगा जो किसी विदेश यात्रा कर लोटे संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आया हो। अथवा भारत में कोरोना प्रभावित दिल्ली, आगरा, नोएडा सेक्टर की यात्रा करके वहां किसी संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आ गया हो । बाकी किसी भी व्यक्ति को सामान्य सर्दी-जुकाम या बुखार आने पर डरने की जरूरत नहीं है। स्वास्थ विभाग का अलर्ट केवल फॉरेन हिस्ट्री या संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आए लोगों के लिए ही है।
बैंकॉक से आए व्यक्ति को समझाइश देते बीईई बीएल मीणा।