पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

40 साल बाद कालूखेड़ा परिवार भगवा धारण कर फिर भाजपामय

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया गुरुवार शाम भोपाल भाजपा कार्यालय पहुंचे। उनके स्वागत में भाजपाइयों के साथ ही प्रदेशभर से सिंधिया समर्थक वे कांग्रेस नेता भी पहुंचे जो अब कांग्रेस से दूरी बना चुके हैं। इन्हीं में कांग्रेस प्रदेश महासचिव केके सिंह कालूखेड़ा व रतलाम से निमिष व्यास तथा 35 से ज्यादा समर्थक नेता-कार्यकर्ता शामिल थे। एयरपोर्ट पर केके सिंह को भीड़ में देखते ही सिंधिया ने पास बुलाया और गले लगाते हुए कहा कि आज महेंद्रसिंहजी की बहुत याद आ रही है। सिंह ने कहा हम पूरी तरह साथ है। इसके बाद सिंधिया आगे बढ़ गए और फिर सिंह ने भाजपा के बड़े नेताओं से मुलाकात की। जिन्होंने कालूखेड़ा को भाजपा का दुपट्टा यानी भगवा धारण करवाया। इसी के साथ 40 साल से कट्टर कांग्रेसी रहा कालूखेड़ा परिवार एक बार फिर से भगवा धारण करके भाजपा में शामिल हो गया।

दरअसल सिंह के भाई पूर्व मंत्री रहे स्वर्गीय महेंद्रसिंह कालूखेड़ा ने भी शुरुआत में ज्योतिरादित्य सिंधिया के पिता माधवराव सिंधिया के साथ जनसंघ से ही राजनीति की शुरुआत की थी। उन्होंने माधवराव सिंधिया के कहने पर ही वर्ष 1972 में अशोकनगर सीट पर जनसंघ के टिकट पर पहला विधायक का चुनाव जीता था। राजमाता विजयाराजे के कहने पर वे माधवराव के साथ साए की तरह रहे। वर्ष 1980 में जब माधवराव ने कांग्रेस का दामन थामा तो महेंद्रसिंह कालूखेड़ा भी कांग्रेस में शामिल हो गए। तब से ये परिवार कांग्रेस में है और जावरा विधानसभा तथा मंदसौर लोकसभा क्षेत्र में कांग्रेस को न केवल मजबूती प्रदान की बल्कि सिंधिया समर्थकों की फौज तैयार की। माधवराव ही नहीं बल्कि उनके पुत्र ज्योतिरादित्य सिंधिया इसीलिए महेंद्रसिंह के मुरीद है। चार बार मंत्री रहे महेंद्रसिंह का 11 सितंबर 2017 को निधन हो गया तो 13 सितंबर को कालूखेड़ा गांव पहुंचे सिंधिया ने उन्हें न केवल कांधा दिया बल्कि पूरे समय साथ रहे। सिंधिया का कालूखेड़ा परिवार से पारिवारिक रिश्ता है और यही कारण है कि उन्होंने 2018 के विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी रहे केके सिंह के लिए कहा था कि ये मेरा परिवार है। अब जब सिंधिया ने भाजपा का दामन थामा तो कालूखेड़ा ने भी कांग्रेस छोड़ने का ऐलान कर दिया।

समारोहपूर्वक सदस्यता लेने की तैयारी


केके सिंह कालूखेड़ा के साथ जावरा से सहकारिता नेता कीर्ति शरण सिंह, कांग्रेस आईटी सेल प्रदेश महासचिव अनिल टांक, मावता से पिपलौदा जनपद उपाध्यक्ष श्यामसिंह देवड़ा, रानीगांव सरपंच बद्रीलाल मोगिया, भाटखेड़ी सरपंच रणजीतसिंह समेत 35 कार्यकर्ता भोपाल पहुंचे। सिंह ने कहा हम सभी ने कांग्रेस से दूरी बना ली है। हमने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेंद्रसिंह तोमर, रामपालसिंह, यशोधरा राजे सिंधिया व बंशीलाल गुर्जर से मुलाकात की। दुग्ध संघ अध्यक्ष महेंद्रसिंह ने हमें भाजपा का दुपट्टा पहनाकर पार्टी में स्वागत किया। प्रदेशभर से हजारों कार्यकर्ता भाजपा में ज्वाइन होंगे।

दुग्ध संघ अध्यक्ष महेंद्रसिंह केके सिंह को भगवा धारण करवाते हुए।


किसी पर जोर नहीं, सभी स्वतंत्र हंै: सिंह

कालूखेड़ा समर्थक कई स्थानीय नेता अभी कांग्रेस छोड़ने को लेकर असमंजस में है। गुरुवार को किसी की तरफ से कांग्रेस छोड़ने का विधिवत बयान जारी नहीं हुआ। कालूखेड़ा से पूछा गया कि क्या आपके कट्टर समर्थक भी भाजपा में शामिल होने को तैयार नहीं है तो उन्होंने कहा कि किसी पर दबाव नहीं बनाया। सभी स्वतंत्र हंै और वे स्वेच्छा से भाजपा में शामिल होना चाहे तो अच्छी बात नहीं तो किसी पर दबाव नहीं है।
खबरें और भी हैं...