युवक ने बुजुर्ग के हाथ पर काट लिया
भोपाल के बुजुर्ग का साहस
युवक ने बुजुर्ग के हाथ पर काट लिया
चोर ने काटा, फिर भी रिटायर्ड टीआई ने नहीं खोया हौसला, अपने से 50 साल छोटे चोर को धरदबोचा
भास्कर न्यूज | भोपाल
ओल्ड सुभाष नगर में शुक्रवार दोपहर 12:15 बजे। भोपाल में पदस्थ रह चुके रिटायर्ड टीआई दयाराम गोहे अपने घर में खाना खा रहे थे, तभी पड़ोस वाले मकान से कुछ खटपट की आहट हुई। ये मकान उनके बड़े भाई होरीलाल का है, जो अब इस दुनिया में नहीं हैं। भाभी भी कुछ साल पहले शांत हो गईं। बच्चे शहर से बाहर रहते हैं, इसलिए भाई का मकान खाली ही रहता है। दरवाजे का ताला खोलकर दयाराम अपने बड़े भाई के मकान में दाखिल हुए, तो देखा कि सामने 20 साल की उम्र का एक अंजान युवक खड़ा था।
घर का बिखरा सामान देखते ही दयाराम समझ गए कि सामने खड़ा युवक चोर है। पिछला दरवाजा तोड़कर चोर घर में दाखिल हुआ था। दयाराम को देख युवक ने पिछले दरवाजे से ही भागना चाहा, लेकिन दयाराम ने लपककर उसे शर्ट से पकड़ लिया। चोर ने उन्हें धक्का दिया और पकड़कर बाहर की ओर खींचने लगा।
दयाराम को लगा कि वह शर्ट उतारकर न भाग निकले, इसलिए कमर के पास उसकी पेंट पकड़ ली। ठीक वैसे ही, जैसे पुलिस किसी अपराधी को पकड़ती है। बचने के लिए चोर ने उनके दाहिने हाथ पर कोहनी के पास दांत से काट लिया। इसके बावजूद भी बुजुर्ग दयाराम ने उसे नहीं छोड़ा। उसे पकड़कर बाहर लाए और शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर पड़ोसी जुट गए और डायल 100 को कॉल कर दिया। ऐशबाग पुलिस की एफआरवी कुछ मिनट में ही पहुंच गई और चोर 50 क्वार्टर, पिपलानी निवासी 19 वर्षीय राजा यादव को पकड़कर थाने ले आई।
पुलिस के पीछे-पीछे ऐशबाग थाने पहुंच गए और दर्ज करवाया केस
दयाराम ने बताया कि मैं भी पुलिस के पीछे-पीछे ऐशबाग थाने पहुंच गया। घर में कुछ कीमती सामान था ही नहीं, इसलिए वह कुछ चुरा नहीं पाया। थाने पहुंचकर उसके खिलाफ चोरी की कोशिश और दांत से काटने का केस दर्ज करवाया।