- Hindi News
- Local
- Mp
- Ratlam
- Ratlam News Mp News In The Rally Organized For The Awareness Of Pcpndt The Corona Virus Should Also Be Shown As Methods Of Prevention
पीसीपीएनडीटी की जागरुकता के लिए निकाली रैली में कोरोना वायरस से बचाव के तौर-तरीके भी बताए
जिला अस्पताल से रविवार को पीसीपीएनडीटी एक्ट की जागरुकता के लिए निकाली गई रैली में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने कोरोना वायरस से बचाव के तरीके भी बताए। यह रैली विश्व महिला दिवस के उपलक्ष्य में निकाली गई थी। रैली जिला अस्पताल से शुरू हुई जोकि नाहरपुरा, शहीद चौक से होती हुई जिला अस्पताल पहुंची। सीएमएचओ डॉ. प्रभाकर ननावरे ने कहा महिलाओं का गिरता लिंगानुपात चिंता का विषय है। पीसीपीएनडीटी एक्ट के तहत लिंग चयन के लिए भ्रूण की जांच कराने पर 3 साल की सजा और 10 हजार रुपए तक का जुर्माना, लिंग चयन करने वाले डॉक्टर और महिला के परिजन पर किया जा सकता है। मार्च माह के दौरान जिले की सभी विभागीय महिला कर्मचारियों की बीपी, शुगर व हीमोग्लोबिन की जांच की जाएगी। रैली की शुरुआत अस्थि रोग विशेषज्ञ डाॅ. दिनेश भूरिया, कैंसर सोसायटी के अशोक अग्रवाल, मीडिया अधिकारी आशीष चौरसिया, उप मीडिया अधिकारी सरला कुरील ने की। रैली में नर्सिंग काॅलेज के विद्यार्थी और शहरी आशा कार्यकर्ता बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, बेटी है तो कल है के संदेशों की तख्तियां लेकर चल रहे थे।
जागरुकता के लिए पम्फ्लेट और पोस्टर बांटे गए
रैली में कर्मचारियों ने कोरोना वायरस की जागरुकता के लिए पम्फ्लेट और पोस्टर बांटे। इसमें वायरस से बचाव के तरीके व सावधानियों को बताया। कोरोना वायरस के संबंध में ज्यादा जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 104 या नोडल अधिकारी डाॅ. जीआर गौड़ (9406887851), जिला एपेडेमियोलॉजिस्ट डाॅ. प्रमोद प्रजापति (9303146673), आरएमओ डाॅ. रवि दिवेकर (9827532759) से संपर्क किया जा सकता है।
जनजागरुकता रैली में शामिल महिला स्वास्थ्य कर्मचारी।