कांग्रेस का मैदान पूरा खाली नहीं करेंगे कालूखेड़ा समर्थक
पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ ही उनके नजदीकी कांग्रेस नेता के.के. सिंह कालूखेड़ा भी कुछ नेता-कार्यकर्ता को लेकर भाजपा में शामिल हो गए हैं। कालूखेड़ा शुक्रवार को भोपाल में रुके तथा सिंधिया के राज्यसभा सदस्य का नामांकन दाखिल करवाने के दौरान साथ रहे। फिर सिंधिया दिल्ली रवाना हो गए और कालूखेड़ा जावरा के लिए निकल गए हैं।
इधर कालूखेड़ा ने तो कांग्रेस छोड़ दी लेकिन उनके समर्थक जावरा विस क्षेत्र में कांग्रेस का मैदान पूरी तरह खाली करने के मुड में नहीं लग रहे है। कालूखेड़ा के नजदीकी ज्यादातर नेता अब तक पार्टी छोड़ने के बारे में कोई निर्णय नहीं ले पाए है। जिला कांग्रेस कार्यवाह अध्यक्ष धरमचंद चपड़ोद, शहर अध्यक्ष पवन चौरसिया, पूर्व नेता प्रतिपक्ष इब्राहिम मंसूरी ने बताया रंगपंचमी बाद सोमवार या मंगलवार को मंथन बैठक बुलाएंगे। इसमें कालूखेड़ा समर्थक सारे नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। फिर मंथन करेंगे कि कांग्रेस छोड़ें अथवा नहीं। इस बीच यह भी चर्चा है कि कालूखेड़ा समर्थक इसलिए पूरा मैदान खाली नहीं करना चाहते हैं क्योंकि वे सभी भाजपा में चले गए तो कालूखेड़ा के विरोधी गुट के नेताओं की लाइन क्लियर हो जाएगी। एक चर्चा यह भी है कि कालूखेड़ा के भाजपा में जाने के बाद उनके समर्थक बाकी नेता कांग्रेस के साथ डटे रहेंगे तो उन्हें संगठन में आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। इसलिए वे कांग्रेस छोड़ने के मुड़ में नहीं है। हालांकि दोनों ही कारणों को लेकर कालूखेड़ा समर्थक किसी भी नेता या पदाधिकारी ने खुलकर कोई जवाब नहीं दिया।
कांग्रेस के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सिंधिया का पुतला फूंका, पार्टी बदलने की निंदा की
चौपाटी क्षेत्र में सिंधिया का पुतला दहन करते कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता।
चौपाटी बस स्टैंड क्षेत्र में शुक्रवार सुबह 11 बजे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्योतिरादित्य सिंधिया का पुतला फूंका। इन नेताओं ने कहा निजी स्वार्थ के चलते सिंधिया ने विकास रथ पर सवार मध्यप्रदेश की कमलनाथ सरकार को अस्थिर करने का प्रयास किया है, जो निंदनीय है। इसी से कांग्रेस नेता व कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। युवा कांग्रेस कार्यकर्ता अंकित ललवानी, बलवंतसिंह, राहुल शर्मा, पूर्व नेता प्रतिपक्ष मुस्तकीम मंसूरी, आसिफ कबाड़ी, अशोकसिंह, सईद मेव, रोशन जैन, मोहसीन शेख, सय्यद अहतर अली, मनीष बैरागी, कृष्णपालसिंह सिसोदिया, पूर्व पार्षद सलमा डेविड, दीपाली कुमावत ने सिंधिया का पुतला फूंककर प्रदर्शन किया।