13 माह से वेतन नहीं मिला जंगल में फांसी लगाई
समीपस्थ ग्राम कुंडा में हाईस्कूल के चौकीदार ने शुक्रवार रात को घर से करीब एक किलोमीटर दूर जाकर जंगल में फांसी लगा ली। शनिवार सुबह पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए सैलाना भिजवाया। जानकारी के अनुसार उसे 13 महीने से वेतन नहीं मिला था।
पुलिस के अनुसार घटना में कुंडा निवासी 45 वर्षीय लक्ष्मण पिता नानका मईडा गांव के हाईस्कूल में अंशकालिक चौकीदार हैं। शुक्रवार रात को उठकर घर से गए। शनिवार सुबह घर पर नहीं दिखे तो बड़े भाई मोहन ढूंढने निकले। करीब एक किलोमीटर दूर जंगल में पेड़ पर गमछे से बंधे फंदे पर लटकी लाश मिली। एएसआई बीएस चौहान ने बताया परिजन के अनुसार तीन-चार दिन से वे बहकी बातें कर रहे थे। ऊपरी हवा की शंका में झाड़फूंक करवाई।
सहयोगी कर्मचारियों के अनुसार आदिवासी विकास विभाग के अंतर्गत स्कूल चौकीदार लक्ष्मण को 13 महीने से वेतन नहीं मिला है। उनके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा नीतेश 10वीं और रमेश 6ठी कक्षा में पढ़ता है। खेती इतनी नहीं है कि परिवार का गुजारा हो सके। संकुल प्राचार्य जीएस सिसौदिया ने बताया स्कूल में दो चौकीदार हैं। बजट के अभाव में जिले के 100 से अधिक चौकीदारों को वेतन नहीं मिला है।