किराना व्यवसायी के मकान से 80 तोला सोना चोरी मामले में पुलिस 7 दिन बाद भी खाली हाथ
त्रिपोलिया गेट के पास तीन मंजिला मकान के सेकंड फ्लोर की दीवार में सेंध लगाकर 80 तोला सोना चुराने के मामले में पुलिस सात दिन बाद भी खाली हाथ है। 5 मार्च को घटना के बाद शक की सुई दो मजदूर और दो चौकीदारों पर टिकी है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है लेकिन उसे सफलता नहीं मिली।
रावटी के किराना व्यवसायी कुतुबुद्दीन पिता फखरुद्दीन रावटीवाला का त्रिपोलिया गेट के पास मकान है। पड़ोसी शाकिर पटेल के पुराने तीन मंजिला मकान के पुनर्निर्माण का काम चल रहा है। कॉमन चांदा होने के कारण काॅलम खड़े करने के लिए दीवार छीलने का काम चल रहा था। 5 मार्च को काम करने के दौरान कुतुबभाई की दीवार में छेद हो गया। गड्ढे के पास उनकी पुरानी पत्थर की तिजोरी थी। तिजोरी में छेद कर चोर आभूषण ले गए। किराना व्यवसायी कुतुबभाई ने बताया हाल ही में बेटे हुसैन की शादी हुई है। बेटे की शादी के वक्त लॉकर से गहने लाए थे। अगले महीने भतीजे की शादी है। घटना की जानकारी माणकचौक थाने पर दी।
संदिग्धों से पूछताछ कर रही है पुलिस
मकान निर्माण करवा रहे ठेकेदार जुल्फिकार पाथरिया ने दीवार में छेद होने की जानकारी दी तब प|ी सारा सैलाना में थीं। शाम को घर पहुंचने पर देखा तो तिजोरी से जेवर गायब थे। ठेकेदार जुल्फिकार ने काम कर रहे मजदूरों से पूछा। 3 मार्च से दीवार छीलने का काम दीनदयाल नगर निवासी कान्हा कुमावत और सरवनी निवासी उंकार कर रहे थे। खेड़ीकला निवासी राजीव और वरसिंह 3 से 5 मार्च तक चौकीदारी के लिए रात को निर्माणाधीन मकान में सोए थे। पुलिस चारों से पूछताछ कर रही है।
सीसीटीवी में कुछ नहीं मिला- माणकचौक थाना प्रभारी अय्यूब खान ने बताया कान्हा और उंकार दीवार छीलने के दौरान तिजोरी में छेद होने की बात स्वीकार कर रहे हैं परंतु उनका कहना है कि तिजोरी में जेवर नहीं थे। मकान पर लगे सीसीटीवी के पांच दिन के फुटेज देखे परंतु कोई मजदूर जेवर ले जाते नहीं दिखा है।