राष्ट्रसंत ललितप्रभजी का नगर आगमन 14 मार्च को
जावरा | राष्ट्रसंत महोपाध्याय ललितप्रभसागरजी, डॉ.शांतिप्रियसागरजी का 14 मार्च को नगर आगमन होगा। पीपली बाजार में जीवन कहीं न बन जाए बलां-आओ पहले सीखे जीवन जीने की कला, विषय पर धर्मसभा होगी। जनमानस को जीवन निर्माण और व्यक्तित्व विकास के बेहतर गुर सिखाए जाएंगे। राष्ट्रसंत चार साल बाद पदयात्रा करते हुए नगर प्रवेश कर रहे हैं। अब तक देश के 21 राज्यों के लाखों लोग राष्ट्रसंतों के प्रभावी प्रवचनों का लाभ उठा चुके हैं। जोधपुर से हैदराबाद चातुर्मास हेतु पदयात्रा करते हुए वे जावरा आ रहे हैं। जैन श्वेतांबर खरतरगच्छ जैन श्रीसंघ के प्रदीप चौधरी ने बताया राष्ट्र संतश्री 40 हजार किमी की पदयात्रा कर चुके हैं। देशभर के छत्तीस कौम के लोग संतों से जुड़े हुए हैं। संघ के संजय तलेसरा, हिम्मत धारीवाल, आजाद ढढ्ढा, जयंतीलाल दक ने बताया गुरुजनों का शनिवार सुबह 9 बजे खत्रीपुरा स्थित पारसनाथ जैन मंदिर पर सकल जैन समाज एवं 36 कौम के श्रद्धालु स्वागत करेंगे। गुरुजन पीपली बाजार पहुंचेंगे। आयोजकों ने भक्तों से राष्ट्रसंतों के सत्संग में शामिल होने की अपील की।