आरओ मशीन बंद, एक काउंटर होने से यात्रियों की लगी कतार
हुसैन टेकरी पर होली के आयोजन में हजारों जायरीन शामिल हुए। मंगलवार को जब वापस जाने के लिए वे स्टेशन पहुंचे तो एक ही टिकट काउंटर होने के कारण टिकट लेने के लिए कतार में लगे रहे। कई बार तो धक्का-मुक्की की स्थिति बनी। टिकट लेने में सबसे ज्यादा परेशानी महिला को हुई। स्टेशन पर ट्रेन का स्टॉपेज महज दो मिनट का है और यात्री अधिक होने से एक टिकट काउंटर कम पड़ता है। कई जनप्रतिनिधि व समाजसेवी आवाज उठा चुके है लेकिन यात्रियों की सुविधा के लिए विभाग की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की गई।
दिनभर में करीब 2000 से अधिक यात्री ट्रेनों का सफर करते हैं। स्टेशन पर सुविधा का अभाव है। प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर शेड नहीं है। रतलाम जाने वाली गाडी कई बार प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर आती है। शेड नहीं होने के कारण यात्री प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर खड़े रहकर ट्रेन का इंतजार करते हैं। जैसे ही सिग्नल होता है तो जान का रिस्क उठाते हुए पटरी क्रॉस कर प्लेटफार्म नंबर दो पर पहुंचते हैं। वहां भी शेड नहीं होने से कुछ देर तक तो धूप में ही खड़ा रहना पड़ता है। ट्रेन का स्टॉपेज दो से तीन मिनट के लिए होता है। रेलवे अधिकारियों ने कई बार स्टेशन की विजिट की और समस्या की उनको जानकारी भी है लेकिन समस्या यथावत है।
पानी की समस्या दूर करने के लिए दो साल पहले वाटर वेंडिंग मशीन लगाई गई थी। यात्रियों को आरओ का ठंडा पानी 5 रुपए में मिल रहा था। प्लेटफॉर्म 1 पर लगी वाटर वेंडिंग मशीन बंद है। आरओ पानी की जगह सादा पानी लोग नलों से भरते हैं। वहीं कुछ को पानी की बोतल 15 से 20 रुपए देकर खरीदना पड़ रही है।
यात्रियों को नहीं मिल रहा आरओ का पानी
रेलवे स्टेशन पर एक ही टिकट काउंटर होने से लगी यात्रियों की कतार।
ट्रेन स्टॉपेज का समय कम
राजेश चंडालिया ने बताया प्लेटफॉर्म पर ट्रेनों का स्टॉपेज दो मिनट का रहता है, ट्रेन पकड़ने के चक्कर में यात्री दौड़ लगाते हैं। कई बार यात्री हादसे के शिकार हो जाते हैं। गर्मी शुरू हुई है और अभी से कोच में चढ़ने के लिए धक्का-मुक्की करना पड़ रही है। दोपहर में रतलाम जाने के एक ट्रेन है। इसमें भीड़ अधिक होने के कारण मजबूरन उसी कोच में चढ़ना पड़ता है। रेलवे प्रशासन को यात्रियों की समस्या निराकरण के लिए ठोस कदम उठाना चाहिए।