ट्यूबवेल चालू किए, कब्जे वाले नलों का सर्वे शुरू
कई नलों पर सामने आए कब्जे, वसूलेंगे जलकर
पखवाड़ेभर पहले नगरपालिका ने खर्चे कम करने के नाम पर 36 ट्यूबवेल बंद कर दिए थे। राजनीतिक हस्तक्षेप के बाद नपा ने इन्हें वापस चालू कर दिए। इन ट्यूबवेलों से जुड़े ऐसे नल कनेक्शनों का सर्वे शुरू किया है, जिन पर लोगों ने कब्जे कर लिए और दूसरों को पानी नहीं भरने देते हैं। प्रशासन ने सप्ताहभर में इसकी रिपोर्ट मांगी है। नपा अमले ने शुक्रवार सुबह से जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में कई नल ऐसे पाए गए जिन पर लोगों ने निजी कब्जे कर लिए हैं। अभी फाइनल रिपोर्ट तैयार होने तक नाम सार्वजनिक नहीं किए लेकिन नपा अधिकारियों का कहना है ऐसे सारे नल कनेक्शन काटे जाएंगे अथवा इन्हें नियमित कर मासिक जलकर वसूला जाएगा। 500 नल कनेक्शन ऐसे हैं, जिन पर रसूखदार व दबंग प्रवृति के लोगों ने कब्जे कर रखे हैं। सीएमओ डॉ. केएस सगर ने बताया सर्वे शुरू करवा दिया है। कुछ वार्ड बचे हैं जो दो-तीन दिन में पूरा हो जाएगा। इन कनेक्शनों को विच्छेद करने अथवा नियमित करके जलकर वसूली की कार्रवाई की जाएगी।