गेर नहीं निकली, रंगपंचमी का जमा रहा रंग
उल्लास बिखरा, डीजे की धुन पर झूमते रहे युवा
शहर में गेर निरस्त होने के बाद रंगपंचमी को लेकर लोगों में उत्साह बना रहा। शहर के चौराहे-चौराहे पर युवाओं की टोलियां रंग, गुलाल और पानी की बौछार करते हुए नजर आई। अधिकांश क्षेत्रों में गुलाल से ही रंगपंचमी पर्व मनाया गया। सुरक्षा को देखते हुए चौराहे-चौराहे पर पुलिस बल तैनात होने के साथ ही जिला व पुलिस प्रशासन के अधिकारी शहर का भ्रमण करते रहे।
शनिवार को शहर में रंगपंचमी पर्व मनाया गया। 40 साल में पहला मौका था जब शहर में गेर नहीं निकली। गेर को लेकर युवाओं ने पूरी तैयारियां कर रखी थीं, लेकिन शुक्रवार देर रात को गेर निरस्त हो गई। उसके बावजूद युवाओं में उत्साह रहा। सुबह 10 बजे से युवाओं की टोलियां निकल चुकी थीं। सभी ने गुलाल के साथ-साथ एक दूसरे को रंग भी लगाया। चौराहे-चौराहे पर डीजे की धुनों पर युवाओं की टोलियां झूमती हुई एक दूसरे पर पानी डालती रही। बच्चों और बड़ों ने मकानों की छतों पर से पानी व रंग से भरे गुब्बारे व प्लास्टिक की थैलियां फेंक कर रोड पर चलने वालों को रंगा।
प्रशासन रहा अलर्ट
सुरक्षा को लेकर पुलिस व जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट रहा। एसपी गौरव तिवारी, शहर एसडीएम लक्ष्मी गामड़, तहसीलदार गोपाल सोनी सहित अन्य अधिकारियों ने शहर का भ्रमण किया। चौराहे-चौराहे पर पुलिस बल तैनात था।
महिलाओं ने उड़ाया गुलाल
रतलाम। होलिया में उड़े रे गुलाल, कही यो रे मंगेतर से..., अंगना पधारो महारानी, मोरी शारदा भवानी..., रंग बरसे भीगे चुनरवाली, रंग बरसे..., होली खेले रघुवीरा अवध में होली खेले रघुवीरा..., सहित कई होली के गीतों व भजनों पर रंग-गुलाल उड़ा कर महिलाओं ने नृत्य किया। मौका था नागरवास स्थित नागर ब्राह्मण समाज की धर्मशाला में हुए फागोत्सव का। मप्र नागर ब्राह्मण परिषद महिला मंडल ने यहां फागोत्सव मनाया। अमिता मेहता, अलका मेहता, रानी दवे, उमा मेहता, ज्योति मेहता, स्नेहलता नागर, कला रावत, प्रज्ञा दीक्षित, प्रमिला रावल, भावन दवे सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद थीं।
विभिन्न चौराहों पर पुलिस बल तैनात रहा, जिला व पुलिस प्रशासन के अधिकारी शहर का भ्रमण करते रहेे
गेर निरस्त के बाद भी युवाओं ने मनाई रंगपंचमी
इन चौराहों पर रही धूम
शहर के हरदेवलाला पीपली, चांदनीचौक, ब्राह्मणों का वास गली, दो बत्ती चौराहा, डालूमोदी बाजार, धानमंडी, तोपखाना, श्रीराम मंदिर चौराहा सहित शहर के प्रमुख चौराहों पर युवाओं की टोलियां रंग गुलाल से सरोबार रहे। हरदेवलाला पीपली, लोहार रोड (ब्राह्मणों का वास गली) सहित अन्य चौराहों पर पानी की बौछारों के साथ होली खेली। चौराहे-चौराहे पर होली के गीतों पर युवा झूमते रहे। वहीं कॉलोनियों में भी कॉलोनीवासियों ने रंगपंचमी मनाई। शाम 4 बजे तक शहर में रंगपंचमी का माहौल रहा।
रावटी। रंगपंचमी का पर्व शनिवार को उत्साह के साथ मनाया गया। कपड़ा बाजार में युवाओं ने एक-दूसरे को खूब रंग लगाया। सदर बाजार, बस स्टैंड, नायन चौराहा जैसे व्यस्त स्थान पर लोग हाट में ग्राहकी करते दिखे। विपिन ठाकुर, पवन चावड़ा, कांतिलाल मेहता, डॉ. दीपक मेहता, कमलेश भाटी, मीतेश चत्तर, अर्पित चत्तर, लोकेश गांधी सहित अन्य मौजूद रहे।
कपड़ा बाजार में जमकर मनी रंगपंचमी
नामली | कोरोना वायरस के कारण नगर में निकलने वाली गेर को निरस्त कर दिया, लेकिन रंगपंचमी का युवाओं का उत्साह कम नहीं हुआ। सुबह से युवाओं टोलियां हाथों में रंग और गुलाल की थैलियां लेकर निकल पड़े थे। सभी ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाए। जीव दया परिवार ने गोसेवा कर रंगपंचमी मनाई।
दो बत्ती चौराहे पर होली खेलती हुई युवाओं की टोली।
राजस्व कॉलोनी में महिलाएं एक दूसरे को रंग लगाती हुई।