घटला रोड पर दुकान पर काम करने वाले ने ही ताला तोड़कर चोरी की
घटला रोड पर गुमटी का ताला तोड़कर घुसे चोर तीन मोबाइल फोन, 5 हजार रुपए नकद और ढाई हजार रुपए का भंगार ले गए। दुकान मालिक ने काम करने वाले पर शंका करते हुए स्टेशन रोड थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
जावरा रोड रामेश्वर मंदिर के पास रहने वाले लक्ष्मण मारवाड़ी ने बताया घटला कॉलोनी के पास उनकी साइकिल रिपेयरिंग की गुमटी है। होली की रात करीब 9 बजे वे दुकान से घर आए। धुलेंडी के दिन दुकान नहीं खोली। बुधवार को दुकान पहुंचे तो गुमटी का ताला टूटा मिला और पीछे का पतरा भी कटा हुआ था। ताला तोड़कर दुकान में घुसे चोर गल्ले में रखे पांच हजार रुपए और तीन मोबाइल फोन तथा ढाई हजार रुपए का कबाड़ा ले गए। दुकान संचालक लक्ष्मण पिता चतरभुज मारवाड़ी ने दुकान पर काम करने वाले जीतू पिता कैलाश गेहलोत पर शंका करते हुए स्टेशन रोड थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई।
ऑटो में ले गया था कबाड़ा
दुकान संचालक मारवाड़ी ने बताया दुकान पर काम करने वाला जीतू गेहलोत डेढ़ महीने पहले भी दुकान पर रिपेयरिंग के लिए आए पंखे व कबाड़ा चुराकर ले जाते पकड़ा था। समझाने के बाद उसने आइंदा चोरी नहीं करने का वादा किया था। आसपास के लोगों ने बताया कि जीतू और उसके दोस्तों ने होली की रात शराब पी। जीतू ने दुकान का ताला तोड़कर अटाला निकाला और ऑटो में ले गया।