- Hindi News
- Local
- Mp
- Ratlam
- Ratlam News Mp News The Water Of Amritsagar Pond Is Also Harmful To Animals More Than 260 Pm 10 In Air In Bajna Bus Stand Area
अमृतसागर तालाब का पानी जानवरों के लिए भी हानिकारक 260 से ज्यादा है बाजना बस स्टैंड क्षेत्र में हवा में पीएम-10
हमारे शहर में अमृतसागर क्षेत्र में हवा पानी के हालात ठीक नहीं है। अमृत सागर तालाब का पानी तो इंसानों के साथ जानवरों के पीने लायक नहीं है। इधर, बाजना बस स्टैंड क्षेत्र में हवा प्रदूषित है। यह खुलासा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की जांच में हुआ है। जांच दल ने जनवरी में 48 घंटे के आधार पर सैंपल लिए थे।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को एडवोकेट प्रशांत ग्वालियरी ने शिकायत की थी कि रतलाम में प्रदूषण ज्यादा हो रहा है। सड़कें खुदी हुई हैं, इससे धूल के कण बढ़ रहे हैं। ग्वालियरी ने सैंपल की जांच करने व नगर निगम के विरुद्ध वाटर पॉल्यूशन कंट्रोल एक्ट व एयर कंट्रोल एक्ट के तहत कार्रवाई करने की मांग की थी। 20 जनवरी को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड उज्जैन से असिस्टेंट वैज्ञानिक रामदास वाघ व एमएल पाठक रतलाम आए थे। उन्होंने मशीनों से प्रदूषण की जांच की थी। जांच में सामने आया कि अमृतसागर तालाब में बॉयोकेमिकल ऑक्सीजन डिमांड (तीन दिन, 27 डिसे) की मात्रा 80 है, जबकि यह अधिकतम 2 होना चाहिए। अमृतसागर तालाब का जल 20-30 सालों से भूमिगत जल स्त्राेत कुएं, बावड़ी, हैंडपंप को भी प्रदूषित कर रहा है। ग्वालियरी ने निगम आयुक्त से जल को स्वच्छ करने की कार्रवाई शुरू करने का कहा। क्षेत्र के लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण की मांग की। जल्द कार्रवाई ना होने पर उच्च न्यायालय व एनजीटी में कार्रवाई की बात कही।
बिगड़े हवा-पानी के हाल : मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की रिपोर्ट में खुलासा
नाम अमृत सागर और पानी की स्थिति ऐसी कि जानवर भी नहीं कर सकते उपयोग
पीएम-10 की मात्रा अधिकतम 138 ही रहना चाहिए - इधर, टीम ने वायु प्रदूषण को जांचा था। इसमें बाजना बस स्टैंड क्षेत्र में पीएम-10 की मात्रा 260.4 मिली है। पीएम को कण प्रदूषण कहते हैं। इसमें धूल और धातु के सूक्ष्म कण शामिल होते हैं। पीएम-10 की मात्रा अधिकतम 138 ही होना चाहिए।
अमृतसागर तालाब का पानी काला नजर आने लगा है।