हाईटेंशन लाइन का तार टूटा, करंट से दो बच्चे झुलसे
रावटी के पास गंगायतापाड़ा में रविवार सुबह हुई घटना
रावटी के पास गंगायतापाड़ा में फाॅल्ट के बाद रविवार सुबह हाई टेंशन लाइन के तार टूटने पर करंट लगने पर दो बच्चे झुलस गए। घटना के वक्त दोनों बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे। घायलों को परिजन ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार मेडिकल कॉलेज में कर्मचारी जितेंद्र दामा के यहां गंगायतापाड़ा में नोतरा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उनके जीजा कालाखेत प्रायमरी स्कूल के अतिथि शिक्षक अमृत देवड़ा भी आए थे। रविवार सुबह करीब 8.15 बजे जितेंद्र का 9 वर्षीय बेटा निवियांश और अमृत का 12 वर्षीय बेटा विकास घर के बाहर खेल रहे थे। तभी ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन में फाॅल्ट होने से तार टूटकर दोनों बच्चों पर गिरा। करंट से विकास का चेहरा, कमर और दोनों हाथ तथा निवियांश के दोनों पैर
और कमर झुलस गई। आवाज सुनकर जितेंद्र और चचेरा भाई राहुल पिता अमरसिंह बाहर निकले। दोनों ने लकड़ी से तार को हटाया और करंट लगने से झुलसे बच्चों को जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया।