टेकरी पर जुटे जायरीन, आज रात रोशनी देखकर लेंगे लोबान
कोरोना वायरस अलर्ट के बीच हुसैन टेकरी शरीफ पर 9 मार्च को होली पर विशेष लोबान का कार्यक्रम होगा। रात 9 से 12 बजे के बीच श्रद्धालु यहां होली दहन की रोशनी देखेंगे। 12 बजे लोबान लेकर शिफा पाएंगे। तीन दिनी विशेष लोबान की शुरुआत रविवार को हुई। कई स्थानों से लोगों ने लोबान लिया।
कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए स्वास्थ विभाग ने कार्यक्रम स्थगित करने का पत्र प्रशासन को लिखा था लेकिन इस कार्यक्रम में कई राज्यों से श्रद्धालु आते हैं और ऐनवक्त पर उन्हें सूचना देना संभव नहीं। हुसैन टेकरी मुतव्वली नवाब सरवर अली खान ने कहा कार्यक्रम परंपरानुसार ही होगा। प्रशासन ने पुख्ता व्यवस्था की है। कोरोना को लेकर परिसर में अनाउंस कर सावधानी बरतने के लिए जागरूक कर रहे हैं। बीएमओ डॉ. दीपक पालड़िया ने बताया स्टाफ व पुलिसकर्मियों के मास्क उपलब्ध करवाएंगे। चिकित्सा कैंप में बीमार लोगों का उपचार किया जाएगा।
सुबह 9 व शाम 4 बजे विशेष सामूहिक लोबान
तीन दिन विशेष लोबान जायरीनों की सुविधा के लिए इस बार चूल स्थल के पास मैदान में एक ही जगह सारे रोजों का सामूहिक लोबान सुबह 9 बजे व शाम को 4 बजे होगा। मान्यता है कि होली का लोबान लेने से बुरी बलाएं दूर होती है तथा स्वास्थ लाभ मिलता है।
अाज रात तकरीर- रविवार को शिया समुदाय ने जश्ने विलादत मोला अली मनाया। धार्मिक आयोजन कर मौला अली की इबादत की। देरशाम टॉप शरीफ रोजे का मुख्य गेट खुला और यहां मिठाइयां चढ़ाकर नियाज दिलाई गई। 9 मार्च को तकरीर, 10 मार्च को रजा कमेटी की जानिब धार्मिक आयोजन होंगे।
लोबान के लिए रविवार को हजारों लोग पहुंचे।