पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
रतलाम. सहेलियों द्वारा उधार लिए रुपए नहीं लौटाने से परेशान महिला ने जहर खा लिया। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। धीरजशाह नगर की 40 वर्षीय लक्ष्मी स्व सहायता समूह संचालित करती है। जरूरत पड़ने पर पड़ोसी पूनम को 1 लाख 40 हजार रुपए, गौरी को 35 हजार रुपए, प्राची, पूनम जैन और निशा को 20-20 हजार रुपए बंधन बैंक से उधार दिलाए थे। महिलाओं ने किस्त नहीं चुकाई तो लक्ष्मी ने बंधन बैंक से लोन लेकर ब्याज भरा। अब उसे 5600 रुपए प्रति सप्ताह ब्याज चुकाना पड़ रहा है।
महिला के पति नरेंद्र नागोरा ने बताया कि महिलाओं ने उधारी की किस्त नहीं चुकाई तो लक्ष्मी ने उनसे रुपए मांगे। महिलाओं ने ब्याजखोरी का आरोप लगाते हुए जनसुनवाई में शिकायत कर दी।पीड़िता के पति का कहना है कि पत्नी ने समूह की महिलाओं की किस्त चुकाने के लिए किससे कितने रुपए उधार लिए उन्हें पता नहीं है। ब्याज चुकाने में गहने, मोबाइल, गैस की टंकी गिरवी रखना पड़ी। पत्नी चांदनीचौक के व्यवसायी के यहां काम पर जाती है। 15 वर्षीय बेटे को भी मजदूरी करना पड़ रही है। होली के दिन घर में आटा नहीं था इसलिए लक्ष्मी ने जहर खा लिया।
थाना प्रभारी वी डी जोशी ने बताया 2 महीने पहले जनसुनवाई में मिली सूदखोरी की शिकायत की जांच हुई थी। रुपयों के आपसी लेनदेन का विवाद था जिसे आपसी सहमति से सुलझाने के लिए कहा गया था।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.