- Hindi News
- National
- Sagar News Mp News Charge Sheet For Irregularities In University Is Ready Will Be Handed Over Soon Raghu
विवि में हुई अनियमितताओं का आरोप पत्र हो रहा तैयार, जल्द सौंपेंगे : रघु
पत्रकार वार्ता : विवि बचाओ आंदोलन में शामिल कर्मचारियों को धमकाना बंद करे प्रशासन
विश्वविद्यालय बचाओ संघर्ष मोर्चा से जुड़े चार कर्मचारियों को प्रशासन द्वारा नोटिस जारी किए जाने का मामला तूल पकड़ने लगा है। डॉ. हरीसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय में हुई अनियमितताओं, भ्रष्टाचार तथा कर्मचारियों के खिलाफ की गई दमनात्मक कार्रवाई जैसे मुद्दों को लेकर सोमवार को विश्वविद्यालय बचाओ संघर्ष मोर्चा के पदाधिकारी मीडिया से रूबरू हुए। मोर्चा के संरक्षक तथा समाजवादी नेता रघु ठाकुर ने कहा कि विश्वविद्यालय में हुई वित्तीय और नियुक्ति संबंधी गड़बड़ियों को लेकर कुलपति प्रो. आरपी तिवारी को सार्वजनिक मंच से चर्चा करना चाहिए। ताकि विश्वविद्यालय पर लगे दाग साफ हो सकें। इस संबंध में मोर्चा के सदस्य सुरेंद्र सुहाने ने कुलपति से लिखित में पत्र व्यवहार किया है। इसके लिए तारीख भी तय हुई थी। लेकिन कुलपति मंच से चर्चा करने के लिए नहीं आए। उन्होंने कहा कि हमारी किसी से निजी बुराई नहीं है। यह सब विश्वविद्यालय को बचाने के मकसद को लेकर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कैग की 2017 की रिपोर्ट में विश्वविद्यालय को शासन से मिली करीब 4 करोड़ तथा 15.75 लाख की राशि को लेकर आपत्ति उठाई गई है। मोर्चा को वित्तीय अनियमितताओं और नियुक्तियों में भ्रष्टाचार से जुड़े 28 आरोप मिले हैं। इन आरोपों की विधि के जानकारों से जांच तथा स्क्रूटिनी कराई जा रही है। जैसे ही आरोप पुख्ता हो जाएंगे कमेटी आरोप पत्र राष्ट्रपति, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग, मानव संसाधन विकास मंत्रालय सहित विश्वविद्यालय को सौपेंगी। उन्होंने कहा कि विवि को बचाने के इस आंदाेलन से विवि कर्मचारियों के जुड़ने को विश्वविद्यालय प्रशासन ने अनुशासनहीनता माना है। साथ ही कर्मचारी संघ अध्यक्ष सहित चार कर्मचारियों को चेतावनी भरे नोटिस जारी किए हैं। विवि में हुई गड़बड़ियों की सूचना देना अनुशासनहीनता नहीं है। बल्कि कर्मचारियों द्वारा इन सूचनाओं की जानकारी नहीं देना अनुशासनहीनता होता। विश्वविद्यालय प्रशासन कर्मचारियों को धमकाना बंद करे। पत्रकार वार्ता में मोर्चा के अध्यक्ष अखिलेश केशरवानी, डॉ. बद्री प्रसाद, सुरेंद्र सुहाने, संदीप बाल्मीकि, प्रवक्ता अरविंद भट्ट, प्रदीप गुप्ता, अतुल मिश्रा, घरणेंद्र जैन मौजूद थे।
टीचर्स एसोसिएशन का होली मिलन समारोह आज
सागर . डॉ. हरीसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय के टीचर्स एसोसिएशन द्वारा मंगलवार को विश्वविद्यालय कैंपस स्थित महिला क्लब में सुबह 10.30 बजे से होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया है।