- Hindi News
- National
- Sagar News Mp News Hid The Groom The Team Kept Searching Till Late Night And Later Deployed The Soldier And Stopped The Wedding
दूल्हे को छिपाया, देर रात तक ढूंढती रही टीम बाद में सिपाही को तैनात कर रोकी शादी
बांदरी थाने के तहत बदनिया गांव में बाल विवाह रोकने के लिए पहुंची टीम को करीब चार घंटे परिजनों से जूझना पड़ा। हालांकि इसके बाद भी टीम को दूल्हा नहीं मिला। इसके बाद टीम ने मौके पर एक सिपाही को तैनात किया तब नाबालिग लड़के और लड़की की शादी राेकी जा सकी।
विशेष किशोर पुलिस इकाई की ज्योति तिवारी ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 9 बजे बांदरी थाने के तहत आने वाले बदनिया गांव 16 साल के नाबालिग लड़के का ब्याह रचाए जाने की सूचना मिली थी। एसपी अमित सांधी के आदेश पर टीम मौके पर रवाना हुई। टीम जब मौके पर पहुंची तो बारात रवाना होने के तैयारी चल रही थी। पटेल समाज के परिजनों ने नाबालिग बेटे का विवाह ललितपुर उत्तरप्रदेश निवासी नाबालिग बालिका से तय किया था। टीम ने मौके पर पहुंचते ही परिजनों से लड़के के आयु संबंधी दस्तावेज मांगे। परिजनों ने देने से मना कर दिया। इसके बाद दूल्हे को भी कहीं छिपा दिया। लड़के और लड़की दानों के नाबालिग होने की बात कहते हुए विवाह रोकने की बात की तो सभी लोग झगड़ा करने पर आमादा हो गए। देखते-देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोगों का हुजूम इकट्ठा हो गया। लोग बहस करने लगे बोले-हम तो शादी करके रहेंगे, आपको जो करना है कर लें। काफी समझाइश के बाद भी जब परिजन शादी रोकने के लिए तैयार नहीं हुए तो टीम ने बाहर खड़े बारात लेकर जाने वाले वाहन वापस लौटा दिए। इसके बाद रात करीब 1 बजे ललितपुर थाने की पुलिस को फोन पर सूचना देकर लड़की के परिजनों को भी इस संबंध में समझाइश देने की बात कही। इसके बाद बदनिया गांव में एक सिपाही को तैनात कर टीम वापस लौट आई। पुलिस के अनुसार इसके बारात ललितपुर नहीं गई और परिजनों ने विवाह रोक दिया।
बांदरी थाने के बदनिया गांव में बाल विवाह रोकने के लिए पहुंची टीम कार्रवाई करते हुए।