- Hindi News
- National
- Sagar News Mp News Information Reached Before Team Child Marriage Stopped After 3 Hours Of Debate Procession Returned
टीम से पहले पहुंची सूचना, 3 घंटे बहस के बाद रुका बाल विवाह, बैरंग लौटी बारात
बहेरिया थाने के नजदीकी गांव खिरिया ताज में विशेष पुलिस इकाई और महिला बाल विकास विभाग की टीम ने एक 17 वर्षीय बालिका का बाल विवाह रोक दिया। हालांकि टीम के पहुंचने से पहले ही गांव में पुलिस आने की सूचना पहुंच गई थी। लिहाजा दोनों पक्ष पहले से तैयार हो गए थे। लिहाजा टीम को वर और वधु पक्ष के लोगों से करीब 3 घंटे बहस करनी पड़ी। इसके बाद बारात बैरंग लौट गई।
विशेष किशोर पुलिस इकाई की ज्योति तिवारी ने बताया कि खिरिया ताज गांव में एक 17 वर्षीय नाबालिग बालिका का विवाह होने की सूचना मिली थी। टीम मौके पर पहुंची तो विवाह की रस्में कराई जा रही थीं। वर और वधु दोनों पक्षों के लोग बड़ी तादाद में मौके पर मौजूद हो गए थे। रात करीब 7 बजे जैसे ही टीम मौके पर पहुंची बारात लगाने की तैयारी की जा रही थी। लड़की के घर पर विवाह के दौरान होने वाले कार्यक्रम चालू थे। टीम ने दोनों पक्षों की ओर से घर वालों को बुलवाया। पूछताछ की तो वधु पक्ष के लोगों ने बताया कि लड़की के कोई भी डाक्यूमेंट्स नहीं हैं। वह कभी स्कूल नहीं गई। इसके बाद भी टीम ने लड़की के नाबालिग होने की बात कहते हुए विवाह रोकने की बात कही।
इस पर मौके पर मौजूद रिश्तेदारों के अलावा राजनीतिक दबाव भरे फोन टीम के सदस्यों को आने लगे। लगभग सभी लोग यह शादी हो जाने देने की बात कह रहे थे। टीम ने इस दबाव को दरकिनार करते हुए दोनों पक्षों को समझाया। नाबालिग जोड़े का विवाह करने पर धारा 6 के तहत सजा और एक लाख रुपए तक जुर्माना हो सकता है। इसके बाद तिलकगंज से बारात लेकर आए दूल्हे प्रकाश पटेल तथा लड़की के परिजन यह शादी रोकने के लिए तैयार हो गए। हालांकि टीम को लोगों को समझाने में करीब 3 घंटे का वक्त लग गया। टीम में सतीश तिवारी, अवधेश खरे, संतोषी, बहेरिया थाने का स्टाफ, सोनम रजक, योगेश राठौर शामिल थे।