आरपीएफ ने पकड़ा मोबाइल चोर, जीआरपी को सौंपा
बीना| रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक 3 से आरपीएफ ने एक शातिर मोबाइल चोर को मोबाइल सहित गिरफ्तार कर जीआरपी के सुपुर्द किया है। आरपीएफ पोस्ट प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि शनिवार शाम करीब 6 बजे प्लेटफार्म क्रमांक 3 पर छत्तीसगढ़ ट्रेन के जनरल कोच से एक संदिग्ध व्यक्ति उतरकर भागने का प्रयास करने लगा। जिसे आरक्षक विक्रम सिंह व प्रधान आरक्षक एसएस राजपूत ने पकड़ लिया। आरोपी से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम प्रदीप मोगिया पिता बाबूलाल मोगिया उम्र 18 वर्ष निवासी गुलगांव थाना सांची जिला रायसेन का बताया। आरोपी ने बताया कि वह छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस के पीछे वाले जनरल डिब्बे में बैठकर विदिशा जा रहा था। इसी दौरान मौका मिलते ही पास में बैठे व्यक्ति की जेब से उसका मोबाइल चोरी कर लिया था।