- Hindi News
- National
- Sehore News Mp News Add Cloves Cardamom And Burn Coconut And Kandas In Holi
लौंग-इलायची डालकर नारियल और कंडों की होली जलाई
कोरोना वायरस और अन्य बीमारियों से बचने के लिए पहली बार पुरानी परंपरा से होली सजाई गई। कहीं सिर्फ कंडे तो कहीं नारियल, कंडे के साथ कपूर, लोंग और इलाइची डालकर होली सजाई गई। खजांची लाइन में यंग स्टार क्लब ने एक हजार नारियल और 500 कंडों से होली सजाई और मुहूर्त में होलिका दहन किया।
आयोजन समिति के पर्व शर्मा, भावेश चौरसिया और समर्थ शर्मा ने बताया कि कोरोना को लेकर तरह-तरह की भ्रांतियां फैली हुई हैं। ऐसे में कोरोना सहित अन्य बीमारियों से निपटने के लिए हमने इस तरह नारियल, गोबर के कंडों की होली जलाई। इसमें कपूर और लोंग-इलायची डाली गई थी ताकि बीमारियों से बचाव तो हो ही साथ ही वातावरण भी शुद्ध रहे। इसी तरह कोलीपुरा में भी 600 कंडों की होली सजाई गई। वहीं भोपाल नाका पर कुशवाह समाज ने भी गोबर के कंडों की होली जलाई। चरखा लाइन में भी कंडों की होली जलाई गई।
परंपराओं की तरफ लौटे लोग: सोमवार की रात को होलिका दहन के बाद मंगलवार को रंगों के त्योहार की शुरुआत होगी। इस बार खास बात यह है कि लोग पुरानी परंपरा से जुड़कर कंडों की होली जला रहे हैं। देर रात तक होली पूजन
चलता रहा।
पांच दिन तक ऐसे मनेगी होली
पहले दिन : होलिका दहन के बाद धुलेंड़ी पर रंग तो होता ही है, लेकिन में इस दिन परंपरागत रूप से गेर भी निकालते हैं ।
दूसरे दिन : भाईदूज को शहर में जमकर होली खेली जाती है। बताया गया है कि इस दिन भोपाल के नवाब हमीदउल्लाह खान सीहोर आते थे।
तीसरे दिन : आष्टा के पुराना नपाध्यक्ष भवन पर जमकर होली खेली जाती है।
चौथे दिन : नवाब जावर पहुंचते थे। यहां होली खेली जाती है।
पांचवे दिन : रंग पंचमी पर पूरे जिले में होली खेली जाती है। जुलूस निकाला जाता है, जिससे पूरा नगर त्योहार की खुशियों में डूब जाता है।
मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे अधिकारी: एडीएम विनोद कुमार चतुर्वेदी ने होली दहन से रंग पंचमी तक सभी राजस्व अधिकारियों को मुख्यालय पर ही रहने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में एवं जहां धरना प्रदर्शन आदि हो रहा है वहां पुलिस के साथ समन्वय करके सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाए। संवेदनशील स्थानों की वीडियोग्राफी करवाने के निर्देश भी दिए गए हैं।