सीहोर | शनिवार-रविवार की दरमियानी रात चोरों ने दो मकानों को निशाना बनाया है। शहर के दोनों मकानों से चोर 41 हजार रुपए सहित करीब 3 लाख से अधिक का सामान चुराकर ले गए हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार दूल्हा बादशाह कॉलोनी निवासी जेबुन सिद्धिकी पुत्र स्व. सबीर अहमद अपने परिवार के साथ 5 जुलाई को ताला लगाकर बाहर गए थे। शनिवार सुबह जब वे वापस लौटे तो घर का ताला टूटा मिला। घर में सारा समान बिखरा हुआ था। चोर यहां से अलमारी मे रखे 31 हजार रुपए, सोने के चार कड़े, चार चेन, मंगल सूत्र, चार जोड़ झुमकी, चार कान की बाली, चार अंगूठी, दो जोड़ चांदी की पायल चुराकर ले गए। पुलिस ने जेबुन सिद्धिकी की रिपोर्ट पर अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज किया है।
इसी तरह चोरों ने विवेकानंद कॉलोनी निवासी मोहरसिंह पुत्र अर्जुनसिंह मेवाड़ा के सूने मकान पर भी धावा बोला। 4 जुलाई से 6 जुलाई के बीच चोरों ने वारदात को अंजाम देते हुए मकान के ताले तोड़े और यहां से करीब दस हजार रुपए, दो कैमरे, सीडी प्लेयर और मंगल सूत्र चुराकर ले गए। मोहरसिंह की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।