कांग्रेस सेवादल नागरिकों को सिखाएंगे योग
सीहोर | दिल्ली स्थित हिंदुस्तानी योग सेवा संस्थान ने सेवादल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को पांच दिवसीय योग प्रशिक्षण दिया। इसमें जिले के कार्यकर्ता भी शामिल हुए। अब जिला कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ता जिला व ग्रामीण क्षेत्रों में भी नागरिकों को योग सिखाएंगे।
जिला कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष नरेंद्र खंगराले ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर कांग्रेस सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालजी देसाई, प्रदेश कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष डॉ. सतेंद्र यादव, प्रदेश कांग्रेस सेवादल सचिव राकेश राय के मार्गदर्शन में आयोजित की गई। शिविर में कार्यकर्ताओं को योग प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के समापन पर कार्यकर्ताओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षित सेवादल के कार्यकर्ता जिला, ब्लाक, पंचायत और ग्राम स्तर पर योग शिविर लगाएंगे। कार्यकर्ताओं के द्वारा नागरिकों को योग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस दौरान कांग्रेस सेवादल की गतिविधियों से भी नागरिकों को अवगत कराया जाएगा। शिविर में जिले के सेवादल कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष मांगीलाल टिमरई, नसरूल्लागंज लाड़कुई ब्लाक अध्यक्ष भागीरथ कटारे, इछावर ब्लाक अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र चंद्रवंशी, श्रवण वास्तवार आदि शामिल थे।